आगरालीक्स…आगरा के इस रोड का हाल देखिए. कई छोटी—बड़ी कॉलोनियों को जोड़ता है ये रास्ता, लेकिन एक किमी के रास्ते पर यहां गड्ढे और जलभराव…लोगों ने बताई अपनी पीड़ा
आगरा के इस मार्ग को देख रहे हैं आप, ये फोटो है शमसाबाद रोड स्थित मारुति सिटी रोड की. यह रोड कई कॉलोनियों के रास्तों को जोड़ता है लेकिन यहां की हालत काफी समय से खराब बनी हुई है. टीवी टावर के पास रहने वाले लोगों का कहना है कि इस सड़क को ठीक कराने के लिए हम लोग धरना प्रदर्शन तक कर चुके हैं. जिम्मेदार अधिकारियों से भी मुलाकात कर चुके हैं लेकिन एक किलोमीटर का यह रास्ता अभी भी बदहाल बना हुआ है. यहां के रहने वाले सचिन शर्मा, सुभाष पंडित, रिषी और मनोज का कहना है कि इस रास्ते से पहले जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया का निवास भी है, जिला पंचायत अध्यक्ष के घर तक की सड़क को तो बना दिया गया है लेकिन उसके आगे की सड़क को बदहाल स्थिति में छोड़ दिया गया है.

परेशान लोगों ने बताया कि इस रोड पर एक दर्जन कॉलोनयां, चार कॉन्वेंट स्कूल भी हैं. यहां से हजारों बच्चे पढ़ने के लिए जाते हैं. लेकिन जलभराव और गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन कोई न कोई हादसे का शिकार होता रहता है. इस एक किलोमीटर लंबे मार्ग पर जल निकासी की कोई व्यवस्था नही है जिसके कारण नालों का गंदा पानी भी यहां भरा रहता है. पिछले साल यहां के लोगों ने धरना प्रदर्शन भी किया और जाम भी लगाया. जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की लेकिन यह समस्या अभी भी बनी हुई है.