आगरालीक्स…आगरा में IPL सट्टे के शक में पुलिस पति को ले गई तो सदमे में पत्नी ने कर लिया सुसाइड. 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड, मुकदमा दर्ज..वीडियो देखें
आगरा के थाना जगनेर क्षेत्र में IPL मैच में सट्टे की सूचना पर स्थानीय पुलिस द्वारा 01 युवक को सोमवार रात को उठा लिया गया तो सदमे में आई उसकी पत्नी ने कुछ विषाक्त खाकर सुसाइड कर लिया. इस मामले में परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए और हंगामा किया जिसके बाद एक सब इंस्पेक्टर और तीन कांस्टेबल को निलंबित किया गया है और मुकदमा भी दर्ज किया गया है.

ये है पूरा मामला
आगरा के जगनेर क्षेत्र के गांव नौनी निवासी 40 साल के मनोज को सोमवार रात को पुलिस ने आईपीएल में सटटा लगाने के शक में हिरासत में ले लिया. इसकी जानकारी कुछ देर बाद युवक के परिजनों को हुई तो युवक की पत्नी अनीता सदमे में आ गई. घबराई अनीता ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, मगर, तब तक अनीता की मौत हो चुकी थी.
इधर सुबह जब युवक की पत्नी की मौत की जानकारी पुलिस को हुई तो युवक को छोड़ दिया गया. पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाने और महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया और थाना जगनेर पहुंच गए. परिजनों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि मनोज का गांव के ही एक युवक से लेन देन को लेकर विवाद चल रहा था, उसी युवक ने साजिश के तहत मनोज को झूठी सटटे की बात कहकर पुलिस से पकड़वा दिया. मनोज की पत्नी की मौत से गांव में आक्रोश है. पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
मामला बढ़ता देख इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए एसीपी खेरागढ़ को वहां भेजा गया. मामले में एक पुलिस सब इंस्पेक्टर और तीन कांस्टेबल को निलंबित किया गया है और मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है. मामले की जांच की जा रही है.