अलीगढ़लीक्स…एएमयू में कुत्तों के झुंड के हमले में रिटायर डाक्टर की मौत के मामले में नगर आयुक्त लखनऊ तलब। कैंपस में चला अभियान 10 कुत्ते पकड़े..
नगर आयुक्त से कुत्ता पकड़ो अभियान की ली जाएगी जानकारी
एएमयू में 16 अप्रैल को कुत्तों के झुंड के हमले में पार्क में टहल रहे डा. सफदर अली की मौत हो गई थी। इस मामले में नगर विकास विभाग लखनऊ ने नगर आयुक्त को 20 अप्रैल को लखनऊ तलब किया है, जहां उनसे कुत्तों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बारे जानकारी ली जाएगी।
एएमयू के आवासीय हॉलों में चलाया अभियान
दूसरी ओर नगर निगम के कुत्ता पकड़ने वालों की तीन टीमों ने एएमयू परिसर में लगभग 10 आवारा कुत्तों को पकड़ा। डॉग-कैचर्स की नगर निगम की टीमें लड़कियों के आवासीय हॉल अब्दुल्ला हॉल सहित अन्य आवासीय हॉलों में भी अभियान चलाया।
एएमयू रजिस्ट्रार के आफिस में हुई बैठक
विश्वविद्यालय परिसर में आवारा कुत्तों के खतरे पर चर्चा करने के लिए रजिस्ट्रार श्री मोहम्मद इमरान (आईपीएस) के कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई जिसमें डॉ आबिदी ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकड़ने वाली टीमों ने सर सैयद हाउस, आरसीए छात्रावास, वन्यजीव विज्ञान विभाग, एमएम हॉल और मेडिकल कॉलोनी के इलाकों में अपना अभियान चलाया।
अब समय-समय पर चलता रहेगा अभियान
उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि विश्वविद्यालय परिसर में समय-समय पर आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाया जाएगा और विश्वविद्यालय प्रशासन को हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।