आगरालीक्स…आगरा में डीएम के बैंकों को सख्त आदेश. मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के पात्र आवेदनों का समय से हो निस्तारण. पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता पर ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश
जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीसीसी/डीएलआरसी) की सितंबर तिमाही की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम विगत बैठक के कार्यवृत्त की जानकारी दी गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद के ऋण जमा अनुपात, शैक्षिक ऋण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएमएफएमई सहित विभिन्न बैंकिंग एवं स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक में ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) की समीक्षा में बताया गया कि सितंबर तिमाही में जनपद का सीडी रेशियो 72.63 प्रतिशत रहा। इसमें 14 बैंकों का ऋण जमा अनुपात भारतीय रिजर्व बैंक के निर्धारित 60 प्रतिशत मानक से अधिक तथा 14 बैंकों का इससे कम रहा। जिलाधिकारी ने कम ऋण जमा अनुपात वाले बैंकों से जवाब तलब करते हुए ऋण वितरण में सुधार लाने, अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को ऋण उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में शैक्षिक ऋण की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में बैंकों द्वारा 6290.40 लाख रुपये के कुल 792 शैक्षिक ऋण स्वीकृत किए गए तथा 5325.15 लाख रुपये के 2067 ऋण वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को प्राथमिकता के साथ शैक्षिक ऋण आवेदनों को स्वीकृत कर पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। शैक्षिक ऋण में केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक की प्रगति श्रेष्ठ रही।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा में बताया गया कि सितंबर माह में जनपद आगरा के लक्ष्य के सापेक्ष प्रेषित पत्रावलियों में 137 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं। जिलाधिकारी ने जीएम डीआईसी से प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष स्वीकृत आवेदनों की जानकारी तलब की। एसबीआई की फतेहाबाद शाखा द्वारा ऋण आवेदन स्वीकृत किए जाने के बावजूद भुगतान लंबित रखने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए फटकार लगाई तथा तत्काल भुगतान जारी करने के निर्देश दिए। इंडियन ओवरसीज बैंक की धनौली शाखा द्वारा ऋण स्वीकृत न किए जाने की शिकायत पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने काफी चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराना बैंकों की जिम्मेदारी है तथा शासन की योजनाओं को प्राथमिकता से क्रियान्वित किया जाए।
बैठक में एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्तीय सहायता योजना की समीक्षा में बताया गया कि सितंबर माह में जनपद आगरा के सापेक्ष प्रेषित पत्रावलियों में 99 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। इसमें केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा एवं पंजाब नेशनल बैंक की प्रगति श्रेष्ठ रही। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा में बताया गया कि सितंबर माह में जनपद आगरा के सापेक्ष प्रेषित पत्रावलियों में 100 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। इसमें बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक एवं भारतीय स्टेट बैंक की प्रगति श्रेष्ठ रही। जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों को योजना के अंतर्गत पात्र युवाओं को समयबद्ध ऋण सुविधा उपलब्ध कराने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना की समीक्षा में बताया गया कि सितंबर तिमाही तक लक्ष्य के सापेक्ष 10 प्रस्ताव बैंकों को भेजे गए हैं। जिलाधिकारी ने माटीकला से जुड़े कारीगरों को प्रोत्साहित करने, उनके कौशल एवं पारंपरिक कला के संरक्षण तथा रोजगारपरक गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु ऋण प्रस्तावों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना की समीक्षा में बताया गया कि सितंबर तिमाही तक लक्ष्य के सापेक्ष 24 प्रस्ताव बैंकों को भेजे गए हैं। जिलाधिकारी ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की समीक्षा में बताया गया कि जून तिमाही तक कुल 107361.15 लाख रुपये के 99685 ऋण स्वीकृत किए गए हैं। इसमें केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंडसइंड बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक एवं रत्नाकर बैंक की प्रगति श्रेष्ठ रही। योजना के अंतर्गत शिशु श्रेणी में बेहतर प्रगति पाई गई, जबकि तरुण श्रेणी में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने पर जिलाधिकारी ने संबंधित बैंकों को तरुण श्रेणी में भी बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए।
किसान क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा में जिलाधिकारी ने समस्त पात्र आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निस्तारण करने तथा केसीसी के नवीनीकरण (रिन्यूअल) की प्रक्रिया भी समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में क्रेडिट प्लस गतिविधियों, वित्तीय समावेशन, जिला क्रेडिट योजना (डीसीपी), वार्षिक क्रेडिट योजना (एसीपी), दीनदयाल अंत्योदय योजना, पीएम सूर्यघर योजना तथा पीएमएफएमई योजना की भी समीक्षा की गई। पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत कुल लक्ष्य के सापेक्ष 155 आवेदन स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित बैंक एवं विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने, वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा पात्र लाभार्थियों को ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाओं से आच्छादित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अमित कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक, अग्रणी जिला कार्यालय के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा समस्त बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।