आगरालीक्स…. आगरा के सितारा होटल में वेज रोल की जगह परोसा चिकन रोल , खाते ही उल्टी , ग्राहक को हाॅस्पिटल में भर्ती करना पड़ा। एक करोड़ रुपये मांगा मुआवजा। जानें क्या है प्रावधान

आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल में 14 अप्रैल को गनपति किंग काउंटी निवासी अर्पित गुप्ता अपने मित्र के साथ खाना खाने के लिए पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने वेज रोल का आर्डर किया। कुछ देर बाद ही उन्हें डिश परोसाी गई।
हाॅस्पिटल में करना पड़ा भर्ती
आरोप है कि जैसे ही रोल का एक हिस्सा तोड़कर खाया तो पता चला कि यह वेज की जगह चिकन रोल है। उन्हें उल्टी आ गई, बेचैनी और घबराहट होने के साथ तबीयत बिगड़ गई, वहां मौजूद ग्राहक ने वीडियो बना लिया। उन्हें हाॅस्पिटल में भर्ती करना पड़ा।
एक करोड़ मुआवजे का भेजा नोटिस
इस मामले में अधिवक्ता नरोत्तम शर्मा के माध्यम से होटल प्रबंधन को बुधवार को नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने गाहक की धार्मिक भावनाएं आहत करने व असुरक्षित खाद्य पदार्थ खिलाने के आरोप लगाते हुए एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है।
दर्ज हो सकता है मुकदमा
इस मामले में विधि विशेषज्ञ व पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता अशोक गुप्ता का मीडिया से कहना है कि इस तरह के मामलों में धार्मिक भवानाएं आहत करने, खाद्य सुरक्षा अधिनियम व मिलावटी पदार्थ खिलाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज हो सकता है। तीन से 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।