आगरालीक्स ….आगरा में कार खरीदने पर शपथ पत्र देना होगा कि कार को खड़ी कहां करेंगे। आगरा में सात साल में 89 हजार चार पहिया वाहन खरीदे गए हैं, जानें पूरा मामला।

ताजमहल को प्रदूषण से बचाने के लिए ताज ट्रैपेजियम जोन यानी टीटीजेड के तहत कई पाबंदी लगाई गई हैं। इसी के तहत सात साल पहले वर्ष 2016 में नए वाहनों की खरीद करने पर पार्किंग कहां करेंगे इसका शपथ पत्र देने की अनिवार्यता की गई थी। यह नियम दो पहिया और चार पहिया वाहनों पर लागू होना है।
सात साल में 89 हजार वाहन की बिक्री, नहीं दिया शपथ पत्र
टीटीजेड की बैठक में पार्किंग का शपथ पत्र लागू होने के बाद सात साल में 89 हजार चार पहिया वाहनों की बिक्री हो चुकी है। मगर, 10 फीसदी वाहन स्वामियों ने ही पार्किंग का शपथ पत्र दिया है, इसमें भी औपचारिकता पूरी की गई है।
पार्किंग के लिए बड़ी कार को चाहिए 110 वर्ग फुट जगह
चार पहिया वाहनों की पार्किंग को लेकर समस्या खड़ी हो रही है। कॉलोनियों में अधिकांश घरों में कार है, इसके चलते पार्किंग को लेकर विवाद भी हो रहा है। एक बड़ी कार को पार्क करने के लिए 110 वर्ग फुट जमीन चाहिए।
डीलर को लेना होगा शपथ पत्र
एआरटीओ प्रशासन एके सिंह का मीडिया से कहना है कि नया वाहन खरीदने के लिए शपथ पत्र जमा कराने का नियम है। अब वाहन डीलर से पंजीकरण होता है, शपथ पत्र लेने की जिम्मेदारी भी उनकी ही है।