आगरालीक्स….10 हजार रुपये महीनो दो, सफाई करने आओ या न आओ. पार्षदों पर नगर निगम कर्मचारियों ने लगाए आरोप. नगर आयुक्त को दिया ज्ञापन
आगरा में जिन पार्षदों को आपने चुनाव में अपने वोट से जिताया है उन पार्षदों पर 10 हजार रुपये महीना मांगने का आरोप सफाई कर्मचारियों ने लगाया है. कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ पार्षदों द्वारा उनसे 10 हजार रुपये महीना मांगा जा रहा है फिर वह सफाई करने आएं या न आएं. इस संबंध में उन्होंने नगर आयुक्त को ज्ञापन भी दिया है. सफाई कर्मचारियों का कहना है कि सफाई मित्रों व सफाई नायकों को शोषण करने वाले पार्षदों के जबरन धनवसूली के कृत्य से नगर निगम कर्मचारियों में आक्रोश है.

महासंघ के विनोद इलाहाबादी हरीबाबू वाल्मीकि, राकेश चौधरी, रेशम सिंह चाहर, अनिल राजौरिया, मनीष चौहान, आकाशदीप चौहान, दीपक चौहान आदि लोगों ने नगरआयुक्त अंकित खण्डेलवाल से एक ज्ञापन के माध्यम से शिक़ायत दर्ज कराई है. कहा कि इस प्रकरण को गंभीरता से लेकर कर्मचारियों को न्याय दिलाने के लिए निर्देश जारी करें जिससे कर्मचारियों को आन्दोलन के लिए विवश नहीं होना पड़े और महासंघ और नगर निगम कर्मचारी कभी भी आन्दोलन करना नहीं चाहता जिससे शहर की सफाई व्यवस्था ख़राब हो. इस पर नगर आयुक्त महोदय ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि किसी भी पार्षद कोई भी रुपए नहीं दें और इमानदारी और मेहनत से शहर को स्वच्छ रखें और इस प्रकरण को सदन में रखकर महापौर को भी अवगत कराया जायेगा.
इस पर महासंघ ने कहा कि कल हम महापौर एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष को ज्ञापन दिया जाएगा.