आगरालीक्स…आगरा नगर निगम ने 1092 करोड़ रुपये का बजट किया पेश. हाउस टैक्स हाउस टैक्स 3 रुपये करने का विरोध
आगरा नगर निगम के कार्यकारिणी की बुधवार को बैठक हुई. नगर निगम प्रशासन द्वारा 1092.51 करोड़ का बजट पेश किया. इसमें हाउस टैक्स एक रुपये 30 पैसे से बढ़ाकर झांसी नगर निगम की तरह तीन रुपये करने का प्रस्ताव नगर निगम के अधिकारियों ने रखा. जिसका कार्यकारिणी के सदस्यों ने विरोध किया. उपसभापति रवि बिहारी माथुर ने तर्क दिया कि नगर निगम की सीमा में 3.45 लाख संपत्तियां हैं, जिसमें से एक लाख संपत्तियों से ही हाउस टैक्स वसूला जा रहा है. पिछले वर्ष फरवरी तक 59 करोड़ रुपये हाउस टैक्स वसूला गया था जबकि लक्ष्य 100 करोड़ था. इस बार भी हाउस टैक्स का लक्ष्य 100 करोड़ रखा गया है. अगर सभी संपत्तियों से हाउस टैक्स वसूल लिया जाए तो दर बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उनके इस तर्क पर कार्यकारिणी के अन्य सदस्यों ने सहमति जताई. इसके बाद गृहकर की दर न बढ़ाने और लक्ष्य 100 करोड़ से बढ़ाकर 125 करोड़ करने का निर्णय लिया गया. इसी तरह नगर निगम निधि से निर्माण कार्य के लिए बजट कम आवंटित किया गया था जिसे कार्यकारिणी सदस्यों ने बढ़वा दिया.

रवि बिहारी माथुर सर्वसम्मति से चुने गए उपसभापति
नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी की यह पहली बैठक हुई. इसमें उपसभापति का चयन किया गया. सर्वसम्मति से सबसे वरिष्ठ पार्षद रवि बिहारी माथुर को उपसभापति चुन लिया गया.
बजट पर सदन में होगी चर्चा
नगर निगम द्वारा पेश किए गए बजट पर अब सदन में चर्चा होगी. इसके बाद संशोधित बजट जारी किया जाएगा. सदन में पार्षद विभिन्न मदों में बजट बढ़ाने की मांग करेंगे जिससे कि उनके क्षेत्रों में ज्यादा से ज्यादा निर्माण कार्य हो सके.