आगरालीक्स…आगरा में मोहर्रम माह लगने से पहले सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइटिंग ठीक करने सहित कई मांगों को लेकर कलक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन
ऐतिहासिक फूलों वाले ताजिए की कमेटी द्वारा कलेक्ट्रेट पर पुलिस कमिश्नर डॉक्टर प्रीतिंदर सिंह व एडीएम सिटी को जनसमस्याओं के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से फूलों के ताजिया वाली कमेटी के पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी 20 जुलाई 2023 से मोहर्रम शरीफ का माह लग रहा है, जिसके चलते समूचे आगरा शहर के मुस्लिम क्षेत्रों में ताजियादारी शुरू हो जाएगी। उन्होंने मांग की कि मोहर्रम शरीफ का माह लगने से पूर्व सड़क मरम्मत, नलों में गंदा पानी की सप्लाई रोकने, सड़कों पर खुले मैनहोलों को बंद करने, खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटिंग को समय रहते ठीक किया जाए, जिससे कि मोहर्रम पर किसी भी समस्या का सामना आने वाले अकीदतमंदों को ना करना पड़े।

उन्होंने डीएम आगरा से आग्रह किया कि शीघ्र अति शीघ्र ही संबंधित विभागों को बुलाकर वार्तालाप कर निर्देशित किया जाए। समय रहते संपूर्ण समस्याओं का समाधान संबंधित विभाग कर सकें, जिससे कि मोहर्रम पर्व पर किसी को भी परेशानी का सामना ना करना पड़े। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से हाजी अजीजुद्दीन, हाजी शाहिद, हाजी कामरान, शरीफ खान, मोहम्मद शान, अब्दुल हक वारसी, दाऊद इकबाल, एडवोकेट इजहार अहमद आदि लोग शामिल रहे।