आगरालीक्स …आगरा में 14 जुलाई तक यमुना का जलस्तर बाढ़ के न्यूनतम स्तर के करीब पहुंच सकता है। यमुना किनारे की कॉलानियों में कराई जाएगी मुनादी। जानें, कैसे बढ़ रहा यमुना का जलस्तर।

आगरा में यमुना का स्तर लगातार बढ़ रहा है। अभी यमुना का जलस्तर 485 फीट है। भारी बारिश के चलते हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से तीन लाख क्यूसेक पानी यमुना में छोड़ा गया है। ओखला बैराज नोएडा, गोकुल बैराज मथुरा होते हुए 14 जुलाई तक आगरा पहुंचने की उम्मीद है।
493 फीट तक पहुंचेगा यमुना का स्तर
आगरा में यमुना का जलस्तर 485 फीट है, हथिनी कुंड से आ रहे पानी के चलते 14 जुलाई तक जलस्तर 493 फीट पहुंच सकता है। आगरा में यमुना का बाढ़ का न्यूनतम स्तर 495 फीट है जबकि अधिकतम बाढ़ का निशान 508 फीट पर है। सिचाई विभाग के एक्सईएन शरद सौरभ गिरी का कहना है कि 14 जुलाई तक जलस्तर बढ़ेगा। यमुना के किनारे की कॉलोनियों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जाएगा।
बारिश होने से खतरा बढ़ा
यमुना में जलस्तर बढ़ने के साथ ही बारिश भी हो रही है, इससे खतरा और बढ़ गया है। बारिश होने से यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगेगा।