आगरालीक्स….. आगरा में तीन दवा की फैक्ट्री से नकली दवाएं जब्त की गई हैं, आगरा में विधान परिषद की खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली दवाओं को लेकर समीक्षा करने आई टीम, आगरा में 14 दवा फैक्ट्री।

बैठक में नकली ब्लड बैंक, अनधिकृत पैथोलॉजी, बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर एवं प्रतिबंधित दवाओं की समीक्षा की जिसमें बताया गया कि जनपद आगरा में 2021-22 में 29 व वर्ष 2022-23 में 10 तथा जनपद मैनपुरी में 01 बिना लाइसेंस संचालित मैडिकल स्टोर पर कार्यवाही की गई है, सभापति महोदय ने मैडिकल का बिना भौतिक निरीक्षण किए लाइसेंस रिन्युवल न करने तथा स्टॉकिस्ट के यहां भी निरीक्षण करने व नमूने लेकर जांच के आदेश दिए। बैठक में दूध से निर्मित खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम हेतु कृत कार्यवाही की समीक्षा की तथा जरूरी दिशा निर्देश दिए, होटल,रेस्टोरेंट, खानपान की दुकानों में खाद्य तेल के बार बार प्रयोग को रोकने तथा सभी की जांच कर हाइजीन रेटिंग किचन प्रमाणपत्र लेने, प्रदूषित स्थलों पर खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाने तथा कैंप लगा कर जन जागरूकता किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में मसालों एवं खाद्य तेलों एवं दालों में मिलावट आदि की रोकथाम के लिए कार्यवाही के विवरण की समीक्षा की गई तथा वित्तीय वर्ष के स्थान पर प्रतिमाह 40 नमूने लेने के निर्देश दिए। सभापति महोदय ने खाद्य सामग्रियों के मैनुफैक्चरिंग यूनिट/फैक्ट्री से नमूने लेने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि जहां खाद्य पदार्थों का निर्माण हो रहा है वहां की जांच जरूरी है। समिति द्वारा खाद्य एवं औषधि कंपनियों के लाइसेंस प्रक्रिया, लाइसेंस निरस्तीकरण के मानक तथा जनपद में औषधि निर्माता कंपनियों के बारे में भी जानकारी ली जिसमें बताया गया कि जनपद आगरा में 14 औषधि निर्माता कंपनी हैं एवं जनपद मैनपुरी में कोई निर्माता कंपनी नहीं है, समिति ने मानकों के अनुरूप लाइसेंस निर्गत करने के निर्देश दिए। समिति ने सभी अस्पतालों में लाइसेंस नंबर, डॉक्टर का नाम व मोबाइल नंबर, बैड की संख्या तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एक हेल्पलाइन नंबर का बोर्ड लगवाने को मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया। बैठक में आयुष विभाग को परचून व अन्य दवाओं की दुकानों पर विजयावटी या अन्य नाम से बिकने वाली भांग की गोलियों पर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला आबकारी अधिकारी के अनुपस्थित रहने नाराजगी व्यक्त की। सभापति महोदय ने खाद्य पदार्थों तथा औषधियों के निरंतर सैंपल लेने, जांच में नकली, मिलावट तथा अधोमानक पाए जाने पर समयबद्ध विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर दोषियों को दंडित करने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस आयुक्त डॉ.प्रीतिन्दर सिंह,जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, मुख्य विकास अधिकारी ए. मनिकंडन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अरुण श्रीवास्तव, एडीएम सिटी अनूप कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आनंद कुमार सिंह, तथा जनपद आगरा व मैनपुरी के खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित ड्रग इंस्पेक्टर मौजूद रहे।