आगरालीक्स…आगरा के बेलनगंज हाथीघाट पर भरा यमुना का पानी कुछ ही घंटों में प्रशासन ने करा दिया साफ. निकाला वो तरीका जिससे अब यमुना का पानी यहां नहीं भरेगा…जानें वो तरीका
आगरा में यमुना इस समय उफान पर है. यमुना लो फ्लड लेवल मार्क को क्रॉस कर चुकी है और धीरे—धीरे अपने रौद्र रूप में आने लगी है. ताजगंज के श्मशान घाट और ताजमहल के गार्डन में यमुना का पानी पहुंचने के बाद आज सुबह लोग उस समय चौंक गए जब यमुना का पानी सीधे हाथीघाट, बेलनगंज की सड़क पर आ गया. बाढ़ की आशंका को लेकर प्रशासन पहले से ही अलर्ट है ऐसे में जब बेलनगंज की सड़क पर यमुना का पानी पहुंचा और यहां के फोटोज और वीडियो भी वायरल हो गए. प्रशासन तुरंत इसको लेकर अलर्ट मोड पर आया और उन्होंने कुछ ही घंटे के प्रयास में एक ऐसा तरीका निकाला जिससे यमुना का पानी यहां से साफ हो गया और अब वो दोबारा यहां नहीं आएगा.

ड्रेन को किया बंद
दरअसल यमुना किनारा हाथीघाट पर जिस जगह सड़क पर यमुना का पानी पहुंचा है वहां ड्रेन बना हुआ है. बारिश का पानी भरने पर इसी ड्रेन के जरिए वह यमुना में चला जाता था. चूंकि यह थोड़ा नीचाई पर है तो ऐसे में यमुना का जलस्तर बढ़ने पर ड्रेन के जरिए नदी का पानी सड़क पर पहुंच गया. अलर्ट मोड पर आए प्रशासन ने इसे तुरंत बंद कर दिया और कुछ ही देर में यमुना के पानी को सड़क से साफ करा दिया. प्रशासन का दावा है कि अब यहां यमुना का पानी नहीं भरेगा.
हर घंटे बढ़ रहा यमुना का जलस्तर, ताजा अपडेट जानें
ओखला बैराज और गोकुल बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण आगरा में यमुना का जलस्तर हर घंटे बढ़ रहा है. शाम को छह बजे तक जहां यमुना का जलस्तर 496 फीट था तो वहीं 8 बजे यह 496.10 फीट पहुंच गया.