फरीदाबादलीक्स… तकनीकी खामी का फायदा उठाकर एक युवक ने ई-वॉलेट और ऑनलाइन पेमेंट करने वाली कंपनी को पौने दो करोड़ रुपये का चूना लगाया। कंपनी को खबर तक नहीं लगी।
मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने कंपनी को बताया

कंपनी को पौने दो करोड़ रुपये का चूना लगाने की जानकारी मुखबिर के जरिये क्राइम ब्रांच को लगी तो क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 ने कंपनी को सूचित किया। कंपनी ने इसके बाद आनन-फानन में अपनी खामी दुरुस्त कर ली है।
फरीदाबाद में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कंपनी की ओर फरीदाबाद के सेक्टर-31 थाने में मुकदमा दर्ज कराकर मामले की विस्तृत जांच का निवेदन किया है। रिपोर्ट में बताया है कि जब कोई व्यक्ति बिल भुगतान करता है तो कंपनी से राशि तुरंत क्रेडिट कार्ड में चली जाती है। वहीं, ग्राहक द्वारा दी गई राशि कुछ देर के लिए उनके प्लेटफार्म पर रहती है। करीब पांच मिनट बाद पेमेंट सक्सेसफुल का मैसेज आता है। इसमें एक बैंक के क्रेडिट कार्ड में भुगतान करने पर तकनीकी समस्या आ रही थी। इसमें ग्राहक द्वारा भुगतान करने पर एप से राशि तुरंत क्रेडिट कार्ड ट्रांसफर हो जाती थी, मगर ग्राहक की राशि चार घंटे तक कंपनी एप के प्लेटफार्म पर रहती थी।
तकनीकी खामी का तीन महीने तक उठाया फायदा
तकनीकी खामी के चलते चार घंटे बाद भी पेमेंट सक्सेसफुल की बजाय कैंसिल पेमेंट का विकल्प आता था। कैंसिल पेमेंट करने पर ग्राहक द्वारा भुगतान की गई राशि वापस खाते में आ जाती थी, वहीं उसके क्रेडिट कार्ड बिल का भुगतान पहले ही हो चुका होता था। इस तरह आरोपित युवक ने करीब 200 बार कैंसिल पेमेंट के विकल्प का प्रयोग कर तीन महीने में उक्त कंपनी से करीब पौने दो करोड़ रुपये उड़ा लिए, जब तक क्राइम ब्रांच द्वारा सूचित नहीं किया गया, तब तक इसकी इसकी जानकारी भी नहीं मिली।