आगरालीक्स आगरा में एफएसडीए का छापा, एक बड़े मिष्ठान भंडार पर दूध को गाढ़ा करने के लिए मिलाया जा रहा बोरेक्स पाउडर, 16 किलो बोरेक्स सीज, तीन मिष्ठान भंडार के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति, 17 को नोटिस।
आगरा में एफएसडीए की 16 टीमों ने मंगलवार को छापेमारी की। सात घंटे में 16 टीमों ने 28 मिठाई विक्रेता सहित प्रतिष्ठानों की जांच की। आगरा मंडल के सहायक आयुक्त खाद्य एसएस हैदर आबिदी के अनुसार, छीपीटोला स्थित पुष्पक मिष्ठान भंडार में दूध में बोरेक्स पाउडर मिलाया जा रहा था। पूछताछ करने पर संचालक ने बताया कि बोरेक्स पाउडर यानी सुहागा दूध को लंबे समय तक ठीक रखने और गाढ़ा करने के लिए मिलाया जाता है, क्योंकि दूध गांवों से आता है। टीम ने मौके से 16.4 किलोग्राम बोरेक्स पाउडर भी सीज किया है। इसके साथ ही हीरा हलवाई सेठ गली, बांके बिहारी मिष्ठान भंडार कमला नगर का लाइसेंस निलंबन करने की संस्तुति की है।
12 नमूने लिए गए, नोटिस
एफएसडीए की टीम ने जीएमबी फतेहाबाद रोड से मावा और रंगीन मिठाई, भगत हलवाई सिकंदरा से केसर और कोकोनट बर्फी, भगत हलवाई नेहरू नगर से रसमलाई, भगत हलवाई दयालबाग से रतलामी सेव, बंसल स्वीटस हाथीघाट से दूध का नमूना, देवीराम स्वीटस प्रतापुरा से बूंदी के दो नमूने, मां भगवती स्वीटस, बिचपुरी से बर्फी का एक नमूना लिया गया है।