आगरालीक्स …आगरा में भाजपा के एक पदाधिकारी को उल्टा पुल्टा का गणित भारी पड गया, पार्टी से मीडिया प्रभारी राजकुमार पथिक को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।
सपा से भाजपा में आए मेयर इंद्रजीत आर्य के आवास के बाहर लगे बोर्ड पर भाजपा का रंग उल्टा था। इस पर भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी राज कुमार पथिक ने सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया। इसकी शिकायत भी की गई। क्षेत्रीय संगठन मंत्री भवानी सिंह ने उन्हें फोन किया था। उन्होंने मंगलवार को फेसबुक पर पोस्ट कर क्षेत्रीय संगठन मंत्री पर हड़काने और पोस्ट गलत होने की बात कहने का आरोप लगाया था। इसके बाद उन्होंने लगातार पोस्ट कर क्षेत्रीय संगठन मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। इस पर बुधवार को जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया ने उन्हें पद से हटा दिया था, शुक्रवार को मेयर इंद्रजीत आर्य के घर के बाहर लगे बोर्ड का रंग सही होने के साथ हीपार्टी ने राज कुमार पथिक को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। इससे पहले राज कुमार पथिक पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ पोस्ट करने पर कार्रवाई की गई थी। तब उन्हें महानगर मीडिया प्रभारी पद से हटाया गया था।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया ने मीडिया को बताया कि क्षेत्रीय संगठन मंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया में पोस्ट कर पथिक ने अनुशासन तोड़ा है। संगठन ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया है।
Leave a comment