आगरालीक्स…आगरा मेट्रो के जामा मस्जिद स्टेशन का नाम बदला! सीएम योगी ने खुद बताया यह नाम…मेट्रो के अधिकारी बोले—जो सरकार चाहेगी, वही नाम होगा. देखें वीडियो
आगरा में बन रहे एक मेट्रो स्टेशन के नाम को लेकर शुरू से ही गहमागहमी रही है और लगातार इस स्टेशन का नाम बदलने की मांग की जा रही है. बिजलीघर स्टेशन पर बन रहे इस स्टेशन का नाम यूं तो उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा जारी किए गए मैप में जामा मस्जिद रखा गया है.
लेकिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज मेट्रो ट्रेन के हाईस्पीड रन ट्रायल के नाम पर इस स्टेशन का नाम मनकामेश्वर मंदिर बोला. हालांकि स्टेशन का नाम बदले जाने की अभी तक आधिकारिक रूप से कोई पुष्टि नहीं हुई है लेकिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज आगरा में मेट्रो के हाईस्पीड रन का शुभारंभ करते हुए कहा कि आगरा के ताज पूर्वी गेट से मनकामेश्वर मंदिर तक के छह किलोमीटर के दायरे में मेट्रो का शुभारंभ फरवरी 2024 में हो जाएगा. ऐसे में सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा मनकामेश्वर मंदिर बोले जाने पर संभावना जताई जा रही है कि बिजलीघर पर बन रहे अंडरग्राउंड जामा मस्जिद स्टेशन का नाम बदलकर श्रीमनकामेश्वर मंदिर के नाम पर रखा जाएगा.
इस संबंध में जब मीडिया कर्मियों ने मेट्रो अधिकारियों से बात की तो उन्होंने कहा कि सरकार जो नाम रखना चाहेगी मेट्रो स्टेशन का वही नाम रखा जाएगा.