आगरालीक्स….संजय प्लेस में जनकपुरी महोत्सव की घोषणा से व्यापारियों में छाया उत्साह. बोले—29 साल बाद मिला है सौभाग्य, भव्य तरीके से करेंगे रामजी का स्वागत…
आगरा में इस बार जनकपुरी संजय प्लेस में सजेगी. भगवान राम की बारात के स्वागत के लिए यहां जनकमहल बनाया जाएगा. आगरा में होने वाले ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव के तहत इस वर्ष जनकपुरी संजय प्लेस में सजाने का फैसला किया गया है. इससे पहले 1994 में संजय प्लेस में जनकपुरी सजी थी, 29 साल बाद फिर से संजय प्लेस में फिर से यह ऐतिहासिक आयोजन होगा. आज रविवार को श्रीरामलीला कमेटी ने 10 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक होने वाले इस भव्य आयोजन की घोषणा रामलीला मैदान स्थित श्रीराम—हनुमान मंदिर पर बेठक के बाद की. साथ ही बताया कि इस वर्ष रामलीला महोत्सव 29 सितंबर से शुरू होकर 28 अक्टूबर तक चलेगा.
संजय प्लेस स्थित 3C’s Cafe के संचालक पुल्कित गुप्ता का कहना है कि 29 साल बाद संजय प्लेस में जनकपुरी सजने का सौभाग्य मिला है, भव्य तरीके से भगवान रामजी की बारात का स्वागत किया जाएगा. सबसे अच्छी बात ये है कि सालों बाद संजय प्लेस में कोई भव्य आयोजन होने जा रहा है.
संजय प्लेस में ही DELHI 6 Restaurant के संचालक विदित सिंघल ने कहा कि सबसे पहले श्रीरामलीला कमेटी को इसका धन्यवाद जिन्होंने इस बार जनकपुरी महोत्सव के लिए संजय प्लेस को चुना. काफी प्रयासों के बाद इस बार संजय प्लेस को जनकपुरी महोत्सव का मौका मिला है. रामजी के स्वागत में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी.
संजय प्लेस में ही प्रसिद्ध पानभंडार ‘मस्त बनारसी कैफे’ के संचालक हरेंद्र उपाध्याय का कहना है कि संजय प्लेस क्षेत्र को विकास की काफी जरूरत थी, जनकपुरी के बहाने ही सही, यहां की कई सारी समस्याएं दूर होंगी. वैसे जनकपुरी संजय प्लेस में सज रही है, यह जानकर ही बहुत अच्छा लगा है.
दवा विक्रेता पुनीत कालरा का कहना है कि पहली बार किसी कॉलोनी में न सजाकर आगरा के सेंटर में जनकपुरी का आयोजन हो रहा है. सबसे अच्छी बात ये है कि संजय प्लेस इतना व्यवस्थित तरीके से बना है कि वहां किसी को कोई परेशानी नहीं होगी. इस बार जनकपुरी आयोजन में भीड़ का रिकॉर्ड टूटेगा.
प्रदेश उपाध्यक्ष माली सैनी समाज उत्तर प्रदेश एवं सयोंजक सोशल मीडिया भाजपा, महानगर, आगरा के कौशल सैनी का कहना है कि संजय प्लेस इसका हकदार है. कितने वर्षों बाद यहां कोई बड़ा आयोजन होगा. उम्मीद है कि इस बार का जनकपुरी महोत्सव सबसे जबर्दस्त वाला होगा.
संजय प्लेस के ही व्यापारी अमित जैन का कहना है कि इस बार की जनकपुरी महोत्सव सबसे खास होगा. संजय प्लेस को वर्षों बाद फिर से भगवान राम की अगवानी का मौका मिला है, रामलीला कमेटी को इसका धन्यवाद।





