आगरालीक्स…डीएम बोले—कहां—कहां बने हैं मॉडल रोड. अधिकारी बोले—कमला नगर और आवास विकास में. असलियत देख डीएम को आया गुस्सा, सवालों पर अधिकारी खामोश
जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आज संबंधित विभागों के साथ आगरा डेवलपमेंट प्लान से संबंधित समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगर निगम द्वारा बनाए जा रहे मॉडल रोड की समीक्षा में बताया गया कि शहर में 10 मॉडल रोड बनाए जाने के लिए योजना है. आवास विकास व कमलानगर क्षेत्र में मॉडल रोड बनाए गए हैं. डीएम ने बैठक में कमलानगर में बने मॉडल रोड का प्रेजेंटेशन देखा, प्रेजेंटेशन वीडियो में मॉडल रोड पर गंदगी तथा सीएंडडी वेस्ट को देख कर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा साफ सफाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बनाए जा रहे मॉडल रोड के कार्य में इंडियन रोड कांग्रेस की गाइड लाइन के अनुपालन के बाबत पूछे जाने पर संबंधित अधिकारी कोई जवाब नहीं दे सके। जिलाधिकारी ने मॉडल रोड निर्माण में डिवाइडर की ऊंचाई, रंग,ट्रैफिक मैनेजमेंट,पार्किंग,ड्रेनेज,फुटपाथ, लाइटिंग,ग्रीन कवर, टॉयलेट इत्यादि की गाइड लाइन का अनुपालन न किए जाने पर कड़ी फटकार लगाई, तथा मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए। बैठक में मॉडल मार्केट बनाए जाने की समीक्षा में हजरतगंज व चांदनी चौक के मॉडल का अध्ययन करने तथा उक्त से संबंधित एक्सपर्ट से सलाह लेने के निर्देश दिए।