आगरालीक्स…फतेहपुर सीकरी में फ्रांसीसी महिला पर्यटक की मौत के बाद प्रमुख सचिव पर्यटन ने किया निरीक्षण. दुर्घटना संभावित जगहों का देखा और दिए ये निर्देश
आगरा में बीते दिनों फतेहपुर सीकरी में हुई फ्रांसीसी पर्यटक की गिरकर मौत के मामले में शासन ने गंभीर रुख अपनाया है. पूरे मामले की अभी जांच चल रही है. आज प्रमुख सचिव पर्यटन मुकेश मेश्राम ने भी यहां पहुंचकर फतेहपुर सीकरी का दौरा किया और दुर्घटना संभावित जगहों को देखा. मुकेश मेश्राम प्रमुख सचिव पर्यटन उ०प्र०, मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी, पुलिस आयुक्त डॉ.प्रीतिंदर सिंह, जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने फतेहपुर सीकरी स्मारक का निरीक्षण किया. दुर्घटना संभावित जगह को लेकर पूरे परिसर का दौरा किया.

प्रमुख सचिव पर्यटन ने मौके पर मौजूद अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल को पर्यटकों की सुरक्षा हेतु स्मारक का सिक्योरिटी ऑडिट , सेफ्टी साइनेज लगाने और आपातकालीन सुविधा के लिए एक फैसिलिटी सेंटर का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।साथ ही यथाशीघ्र फ़तेहपुर सीकरी, आगरा फोर्ट व ताज महल पर 01-01 एक्सक्लूसिव एएलएस एंबुलेंस ,मेडिकल टीम के साथ स्टेशन कराने के भी निर्देश संबंधित को दिये गये।