आगरालीक्स…आगरा में एक लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा गया बाबू, मिठाई के डिब्बे में दी जा रही थी रकम, विजिलेंस ने धर दबोचा…
आगरा में विजिलेंस की टीम ने रिश्वत लेते हुए एक बाबू को रंगेहाथ पकड़ा है. वह मिठाई के डिब्बे में एक लाख रुपये की रिश्वत ले रहा था लेकिन विजिलेंस की टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया. बाबू चिट एंड फंड सोसाइटी का है. उसने एक लंबे समय से चल रहे विवाद के निपटाने के लिए एक लाख रुपये मांगे थे.
बाबू का नाम अजय कुमार बताया गया है. गोकुल के रहने वाले भवानी शंकर ने 26़ सितंबर को विजिलेंस कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. भवानी शंकर की श्रीकृष्ण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समिति के नाम सं पंजीकृत सोसाइटी है. इस सोसाइटी को लेकर उनका कोई विवाद चल रहा है जिसकी शिकायत उन्होंने तीन साल पहले उप निबंधक फम्र्स सोसाइटीज एवं चिट्स में अपना पक्ष रखते हुए कार्रवाई की मांग की थी.
कार्यालय के बाबू अजय कुमार याद ने उन्हें नोटिस देकर बीती 25 सितंबर को सारे प्रपत्र उपलब्ध कराने को कहा था. भवानी शंकर ने बाबू से फाइल निस्तारित करने को कहा जिस पर उसने दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी. एक लाख रुपये घर से मंगवाने के बाद मिठाई के डिब्बे में रखकर दे दिए. बाकी रकम 29 सितंबर तक देने को कहा. उन्होंने किसी तरह रकम की व्यवस्था की और इसी के बाद बाबू की शिकायत विजिलेंस कार्यालय में कर दी.
एसपी विजिलेंस ने शिकायतकर्ता को शुक्रवार शाम मिठाई के डिब्बे में एक लाख रुपये घूस लेकर भेजा. उसके साथ विजिलेंस की टीम भी थी. जैसे ही बाबू अजय कुमार ने घूस ली तभी बाहर खड़ी विजिलेंस की टीम मौके पर आ गई और उन्होंने रिश्वत लेते हुए अजय कुमार को रंगे हाथों दबोच लिया. आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. उसे विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा.