आगरालीक्स…आगरा में पातालकोट एक्सप्रेस में लगी आग से वंदे भारत सहित 20 ट्रेनें 4 घंटे तक रहीं लेट. हजारों यात्री रहे परेशान. जानें कौन सी ट्रेन कितनी रही लेट…
बुधवार को पातालकोट एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 14624 फिरोजपुर पंजाब से सिवरी, मध्य प्रदेश के लिए रवाना हुई। आगरा कैंट स्टेशन को पार करते ही मलपुरा में भांडई रेलवे स्टेशन के पास पातालकोट एक्सप्रेस की बॉगी में आग लग गई, जब तक ट्रेन को रोका जाता, आग विकराल रूप ले चुकी थी। ट्रेन के रुकते ही आग की लपटें बेकाबू हो गईं। ट्रेन में आग लगने से करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा. 20 ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया.
ये ट्रेनें हुई प्रभावित
ट्रेन में आग की सूचना से करीब साढ़े तीन बजे रेलवे ने भांडई से जाजऊ स्टेशन के बीच ओएचई लाइन काट दी. इससे वंदे भारत एक्सप्रेस 2 घंटा 39 मिनट, चेन्नई राजधानी एक घंटा 37 मिनट, मुंबई राजधानी एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस पौने दो घंटे, महाकौशल एक घंटा 37 मिनट, सचखंडएक्सप्रेस चार घंटे, नई दिल्ली हैदराबाद एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, अंडमान एक्सप्रेस दो घंटे, श्रीधाम एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस, पंजाब मेल, झेलम एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस सहित 20से अधिक ट्रेनें काफी देर तक रोकनी पड़ी.
यात्रियों को निकाला गया बाहर
चीख पुकार के बीच आग का गोला बनी पातालकोट ट्रेन के रुकने के बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया। यात्रियों के बाहर निकलते ही आग की लपटें और तेज हो गईं। आग की लपटें बॉगी के बाहर तक आ गईं, स्थानीय लोग भी पहुंच गए।
दमकल की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
आग की लपटें तेज होने पर स्थानीय लोग भी आ गए। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक एक बॉगी जलकर स्वाह हो गई।
आग से दो यात्री झुलसे
डीसीपी वेस्ट, आगरा के अनुसार, पातालकोट एक्सप्रेस में आग की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स भेजा गया, दमकल की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। ट्रेन में लगी आग में दो यात्री झुलस गए हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई यात्री मामूली रूप से झुलसे हैं उन्हें मौके पर ही प्रारंभिक उपचार दिया गया।