आगरालीक्स ….आगरा में ग्रीन गैस लिमिटेड की पीएनजी आपूर्ति लोगों को दे रही दर्द, आवास विकास कॉलोनी के सेक्टरों में 12 घंटे से पीएनजी आपूर्ति ठप। ठंड में न चाय बन पाई और न नाश्ता।
आगरा में ग्रीन गैस लिमिटेड ने पीएनजी की आपूर्ति का दायरा बढ़ा दिया है लेकिन मैंटेनेंस सही तरह से नहीं हो पा रहा है। पीएनजी की लाइन फट जाने पर मरम्मत कार्य समय से शुरू नहीं हो पाता है। आवास विकास कॉलोनी के सेक्टरों में मंगलवार को सेंट्रल पार्क के पास नाले की खुदाई के दौरान पीएनजी की लाइन फट गई, इससे कई सेक्टरों में पीएनजी की आपूर्ति ठप हो गई। काफी देर तक पीएनजी की आपूर्ति न होने पर लोग परेशान होने लगे, उन्होंने ग्रीन गैस लिमिटेड के कार्यालय में संपर्क किया, इसके बाद जांच कराई गई। तब पता चला कि सेंट्रल पार्क के पास पीएनजी की लाइन फट गई है।
12 घंटे से आपूर्ति ठप
रात में टीम ने मरम्मत का काम नहीं किया, बुधवार सुबह भी आवास विकास के सेक्टरों में पीएनजी की आपूर्ति नहीं हुई। इससे लोगों के घरों में सुबह की चाय और नाश्ता नहीं बना है। पीएनजी की आपूर्ति कब सुचारू होगी यह स्पष्ट नहीं किया गया है।