आगरालीक्स…आगरा में कोहरे में वाहनों के टकराने के बाद मुर्गे लूट कर ले गए लोग, चीखता रहा ड्राइवर, वीडियो हो रहा वायरल। 16 वाहनों के टकराने से एक की मौत, वीडियो के लिए क्लिक करें।
आगरा में घना कोहरा छाने से आगरा फिरोजाबाद मार्ग पर शाहदरा चुंगी के पास एक के बाद एक 16 वाहन टकरा गए, हादसे के बाद चीख पुकार मचने पर स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे। हादसे में घायलों को बाहर निकाला। कुछ देर बाद ही हाईवे पर लोगों की भीड़ लग गई।
मुर्गे लूट कर ले गए लोग
हाइवे पर हादसे के बाद मुर्गों से भरी गाड़ी तिरछी हो गई, गाड़ी में ड्राइवर नहीं था। लोग गाड़ी पर चढ़ गए, गाड़ी में लगी खिड़कियों को खोलकर मुर्गों को बोरी में भरना शुरू कर दिया। कुछ लोग हाथ में ही दो से तीन मुर्गे पकड़ कर ले जाने लगे। लोगों के मुर्गों को लूट कर ले जाने पर ड्राइवर ने शोर मचाया, वह चीखता रहा लेकिन लोगों की भीड़ लग गई और कुछ ही देर में मुर्गों से भरी आधी गाड़ी लोगों ने खाली कर दी। स्थानीय लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में राहगीर भी मुर्गों को लूटकर ले गए।
हादसे में एक चालक की मौत
एक के बाद एक 16 वाहनों के टकराने से एक चालक की मौत हो गई, चालक उमेश यादव बताए जा रहे हैं वे मूल रूप से कानपुर के रहने वाले हैं। हादसे में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।