आगरालीक्स…आगरा को मिले 94 नये लेखपाल. इनको तहसीलों का आवंटन भी हुआ. इनकी नियुक्ति से राजस्व कार्यों में तेजी के साथ, प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता में होगी वृद्धि
आगरा को 94 नये लेखपाल मिले हैं. चयनित अभ्यर्थियों में आगरा मण्डल को आवंटित लेखपाल अभ्यर्थियों में से श्रेणीवार 94 जिसमें 48 अनारक्षित, अन्य पिछड़ा वर्ग के 24, अनुसूचित जाति के 12, अनुसूचित जनजाति का 01 तथा ईडब्ल्यूएस के अंतर्गत 09 अभ्यर्थी जनपद आगरा में तैनाती हेतु आवंटित किये गये है। चयनित अभ्यर्थियों को तहसील आवंटन किया गया है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा सूची जारी कर बताया गया कि उपरोक्त राजस्व लेखपाल पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति के सम्बन्ध में समस्त सम्बन्धित उप जिलाधिकारी/नियुक्ति प्राधिकारी होंगे। उन्होंने निर्देश देते हुए बताया कि सम्बन्धित उप जिलाधिकारी/नियुक्ति प्राधिकारी अपनी-अपनी तहसील से सम्बन्धित राजस्व लेखपाल पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों को पुलिस सत्यापन कराने के उपरान्त समस्त शैक्षिक व अन्य प्रमाण पत्रों का परीक्षण एवं सक्षम स्तर से स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुये नियमानुसार नियुक्ति आदेश निर्गत करेंगे।
अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य प्रमाण पत्र के अतिरिक्त दिव्यांग श्रेणी के अन्तर्गत राजस्व लेखपाल पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों की दिव्यांगता श्रेणी/प्रतिशत के सम्बन्ध में आवेदन पत्र के साथ संलग्न दिव्यांगता प्रमाण पत्र का परीक्षण अनिवार्य रूप मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा कराये जाने के उपरान्त ही उपजिलाधिकारी नियुक्ति पत्र निर्गत करेंगे। उनकी यह नियुक्ति अस्थाई है और जाति प्रमाण पत्रों के उचित माध्यम से सत्यापन किये जाने की शर्त पर की जाती है और यदि सत्यापन किये जाने पर जाति प्रमाण पत्र असत्य पाया जाता है तो उनकी सेवा बिना कोई कारण बतायें तत्काल समाप्त कर दी जायेगी और असत्य प्रमाण पत्र दिये जाने के सम्बन्ध में भा०द०स० के उपबन्धों के अन्तर्गत आगे की कार्यवाही बिना किसी पूर्वाग्रह से की जायेगी का नियुक्ति आदेश निर्गत करते समय अंकन अवश्य किया जायेगा।
चयनित अभ्यर्थियों की राजस्व लेखपाल पद पर नियुक्ति उत्तर प्रदेश लेखपाल सेवा नियमावली- 2006 यथासंशोधित में दी गयी व्यवस्था के अन्तर्गत एवं प्रशासित प्रतिबन्धों के अधीन होगी। अभ्यर्थी का राजस्व लेखपाल पद का प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा तथा प्रशिक्षण के अन्त में एक अर्हकारी परीक्षा आयोजित की जायेगी जिसका आदेश परिषद स्तर से अलग से निर्गत किया जायेगा।राजस्व लेखपाल पद पर चयनित अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त करने हेतु अपनी तहसील से सम्बन्धित 6 राजस्व निरीक्षक (कार्यालय कार्य) को अधिकृत करते हुये तत्काल निर्देशित करें कि वह भूलेख कार्यालय, कलैक्ट्रेट, आगरा से चयनित अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों की प्रति तत्काल प्राप्त करना सुनिश्चित करें, ताकि चरित्र सत्यापन आदि के सम्बन्ध में अग्रेतर कार्यवाही प्राथमिकता पर समयान्तर्गत की जा सके।
शासनादेश संख्या-11-16/321/87-817-रा-9 दिनांक 28.03.1989 एवं परिषदादेश संख्या- 6792/4/14ए 85 दिनांक-30.05.1989 के माध्यम से निर्गत निर्देशों के अनुरूप नव चयनित लेखपालों को उनके गृह जनपद में निवास के विकास खण्ड को छोड़कर तैनाती सुनिश्चित की जायेगी। अभ्यर्थियों के आवेदन पत्र एवं शैक्षिक, चरित्र/स्वास्थ्यता आदि समस्त प्रमाण पत्र इनकी व्यक्तिगत पत्रावली पर संचित किये जाये। राजस्व लेखपाल पद हेतु चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति किये जाने के सम्बन्ध में कार्यवाही उत्तरप्रदेश लेखपाल सेवा नियमावली- 2006 यथासंशोधित तथा अद्यतन शासनादेशों के क्रम में नियमानुसार नियुक्ति पत्र निर्गत करते हुये इस अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे।