आगरालीक्स…आगरा में देवरी रोड पर चयनित भीमनगरी का निरीक्षण करने पहुंची मेयर. कहा—क्षेत्र में विकास कार्यों की सौगात लेकर आएगा भीमनगरी का आयोजन
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने शुक्रवार को भीमनगरी का स्थलीय निरीक्षण किया। महापौर ने देवरी रोड पर भीमनगरी के लिए चयनित स्थल पर जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही क्षेत्रीय लोगों और भीमनगरी के कार्यकारिणी के सदस्यों के संग बैठक भी की। इस दौरान हजारों की संख्या में क्षेत्रवासियों ने महापौर का स्वागत किया और उनका माल्र्यार्पण कर अभिवादन किया। भीमनगरी स्थित अंबेडकर पार्क में महापौर ने क्षेत्रीय लोगों के साथ संवाद किया। इससे पूर्व बाबा साहब डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। महापौर ने क्षेत्रीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हर बार भीमनगरी आयोजित करने के लिए उस क्षेत्र को चुना जाता है, जहां पर विकास कार्यों की सबसे ज्यादा दरकार होती है। इस बार भी भीमनगरी का आयोजन क्षेत्र के लिए विकास कार्यों की सौगात लेकर आएगा।

महापौर ने इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों को आचार संहिता से पूर्व ही नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान महापौर ने नंदपुरा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर वाचनालय का भी निरीक्षण किया। यहां पर भीमनगरी कार्यकारिणी के सदस्यों के बैठक की। इस दौरान मलखान सिंह व्यास, मुकेश कल्याण, नरेश व्यास, नवाब सिंह मौर्य, शिव सिंह कुशवाह, मयंक अध्यक्ष माहेश्वरी, पार्षद अतुल अवस्थी, गजेंद्र पिप्पल, हेमलता चौहान व अन्य भीमनगरी व क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं द्वारा महापौर का अभिवादन किया गया और क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराया गया। समस्याओं के निराकरण के लिए महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त विनोद गुप्ता, सहायक नगर आयुक्त अश्विनी कुमार, मुख्य अभियंता बीएल गुप्ता, पर्यावरण अभियंता प्रशांत भूषण व क्षेत्रीय पार्षदगण, भीमनगरी कार्यकारिणी अन्य नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।