आगरालीक्स… आगरा में भाजपा के जिलाध्यक्ष के पर्स चोरी का मुकदमा दर्ज कराने के लिए मुख्यमंत्री को फोन करना पडा, पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय भाजपा जिलाध्यक्ष को कानूनी ज्ञान का पाठ पढा दिया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, कोल्हापुर (महाराष्ट्र) के भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का व्यवसाय है। सोमवार को वह दिल्ली आए थे। वहां से कारोबार के सिलसिले में सोमवार शाम को आगरा आ रहे थे। आइएसबीटी पर किसी ने उनकी जेब से पर्स पार कर दिया। पर्स में साढ़े 6 हजार रुपये और जरूरी चीजें थीं।
चौकी से थाने के लगाते रहे चक्कर
संतोष कुमार रिपोर्ट दर्ज कराने चौकी पहुंचे तो वहां उनको बताया गया कि मुकदमा थाने में दर्ज होगा। वह चौकी से हरीपर्वत थाने पहुंचे, वहां पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी। संतोष कुमार ने बताया कि वह कोल्हापुर में भाजपा के जिलाध्यक्ष हैं। इस पर पुलिस ने उनको महाराष्ट्र में ही मुकदमा दर्ज कराने की सलाह दे डाली।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को फोन कर बताई आपबीती
इससे परेशान होकर भाजपा नेता ने सीधे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को फोन कर दिया। उनको घटना और मुकदमा दर्ज न होने की जानकारी दी, यह चर्चा है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने उप्र के डीजीपी सुलखान सिंह को फोन कर कार्रवाई को कहा। डीजीपी ने एसएसपी को फोन करके भाजपा जिलाध्यक्ष का मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। भाजपा जिलाध्यक्ष को एसएसपी कैंप कार्यालय बुला तहरीर लिखवा मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस के रवैये से भाजपा नेता संतोष कुमार काफी क्षुब्ध दिखाई दिए।
Leave a comment