आगरालीक्स….फिर पेपर लीक…इधर बच्चे दे रहे थे पेपर, उधर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया गणित और जीव विज्ञान का पेपर. अफरातफरी मच गई. मुकदमा दर्ज
पेपर लीक की घटनाएं आए दिन हो रही हैं. अब यूपी बोर्ड के पेपर लीक हो रहे हैं. आज यूपी बोर्ड के इंटर गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद ही पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. मिलान करने पर प्रश्न पत्रों के कोड आदि समान पाए गए. यह पेपर मैनपुरी में भी वायरल होने की चर्चा है. इस संबंध में डीआईओएस की ओर से फतेहपुर सीकरी थाने में अतर सिंह इंटर कॉलेज, रोझौली किरावली के केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
आज गुरुवार को परीक्षा की दूसरी पाली दोपहर दो से शाम सवा 5 बजे तक की चल रही थी. गणित और जीव विज्ञान के पेपर दिए जा रहे थे. हाईस्कूल का कृषि का पेपर भी चल रहा था. लेकिन पेपर शुरू होने के एक घंटे बाद तीन बजे जीव विज्ञान और गणित के प्रश्न पत्र की फोटोकॉपी व्हाट्सअप ग्रुप और सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी. पेपर वायरल होने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों के होश उड़ गए. आनन—फानन में प्रश्न पत्र को डिलीट कराया गया लेकिन तब तक खबर फैल गई. मिलान करने पर प्रश्न पत्र समान निकला.
इस मामले में डीआईओएस डॉ. मुकेश अग्रवाल ने तुरंत जांच के आदेश दिए. उनकी ओर से फतेहपुर सीकरी के अतर सिंह इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है. बताया जाता है कि यह सेंध एक कम्प्यूटर आपरेटर ने लगाई है. प्रश्न पत्र का फोटो वायरल करने वाले नंबरों की जांच कराई गई तो यह नंबर एक कम्प्यूटर आपरेटर का निकला है.उसके खिलाफ थाना फतेहपुर सीकरी में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है. इसके अलावा केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्टेट के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.