आगरालीक्स…आगरा में निकली शिवजी की बारात. हजारों बाराती हुए शामिल. उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब…देखें महादेव की बारात के फोटो
प्राचीनतम शिवालय बल्केश्वर महादेव मंदिर पर महाशिव रात्रि पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। प्रातः से ही कांवर चढ़ाने वालों की लंबी कतार लगी रही। शाम को कमला नगर से शिव बरात निकाली गयी, जिसका प्रमुख आकर्षण थी वह 12 द्वादश ज्योतिर्लिंग झांकियां, जिनमें अलग-अलग ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराए गए थे। रात में मंदिर भवन विद्युत झालरों से झिलमिलाता रहा। रात्रि जागरण के दौरान भगवान विल्बकेश्वर नाथ की महाआरती उतारी गई। बल्केश्वर महादेव मंदिर में पूरे दिन लंबी कतार लगी रही। प्रातः सभी के हाथों में पूजा की थाली थी, जिसमें बेलपत्र, भांग, धतूरा,फल-फूल,प्रसाद आदि थे। सभी के मन में श्रद्धा के अटूट भाव थे। बम-बम भोले, बाबा बल्केश्वरनाथ की जय, पार्वतीपते हर-हर महादेव जैसे जयघोषों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। यहां पूजन मंदिर के महंत सुनीलकांत नागर व महंत कपिल नागर द्वारा कराया गया।

शाम को कमला नगर से शिव बरात निकाली गई, जिसका शुभारंभ विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने किया। उनके साथ प्रदीप अग्रवाल जी, पूजा बंसल, विमल गुप्ता (तीनों पार्षद) और भाजपा मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल आदि शामिल थे जिसमें डेढ़ दर्जन से अधिक झांकियां थी। बैंड बाजों के साथ निकाली गई इस बरात में सबसे आगे गणपति की झांकी थी। उसके बाद 12 झांकियों में विभिन्न-विभिन्न ज्योर्तिलिगों के दर्शऩ कराए जा रहे थे। अंत में बाबा बल्केश्वरनाथ की झांकी थी, जिसकी स्थान-स्थान पर आरती उतारी गई। फूलों की वर्षा की। झांकी के आगे श्रद्धालु चल रहे थे। सभी जयघोष करते हुए जा रहे थे। विभिन्न मार्गों से होती हुई शिव बरात बल्केश्वर महादेव मंदिर पर पहुंची, जहां बरात का स्वागत किया गया।
मंदिर भवन विद्युत झालरों से झिलमिलाता रहा। रात में भगवान बल्केश्वर का मनमोहक श्रंगार किया, फूल बंगला सजाया गया। 56 भोग भी लगाए गए। रात में चार महाआरती शिव विवाह के स्वरूप में की गईं। शनिवार को मंदिर में खप्पर पूजन किया जाएगा।
