आगरालीक्स…होली से पहले इस गांव में छाया मातम. ससुर—बहू की एक साथ मौत ने मचाया कोहराम. एक साथ जलीं चिताएं
आगरा में होली से पहले खेरागढ़ के गांव बिधौली में मातम छाया हुआ है. ससुर—बहू की हुई एक्सीडेंट में मौत ने परिजनों में कोहराम मचा दिया है. उधर देर रात एक साथ ससुर और बहू का अंतिम संस्कार किया गया. आज सुबह से यहां सन्नाटा पसरा हुआ है अगर आवाज आ रही है तो करुण क्रंदन की.
बिधौली निवासी कप्तान सिंह दोपहर करीब साढ़े बारह बजे अपने छोटे बेटे सोनू की गर्भवती पत्नी रीमा की जांच कराने बाइक से धौलपुर के लिए निकले थे. भिलावली मोड़ के समीप पेट्रोल पंप के नजदीक पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने अपनी चपेट में लेकर रौंद दिया. हादसे में ससुर-बहू करीब 50 मीटर तक घिसटते चले गए. हादसे को देख आसपास के जमा लोगों ने दोनों को उपचार के लिए सीएचसी खेरागढ़ में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने 45 वर्षीय कप्तान सिंह उर्फ बबलू गुर्जर को मृत घोषित कर दिया। वहीं बहू को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया, लेकिन डेढ़ घंटे तक एंबुलेंस न मिलने के चलते बहू ने भी दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सीएचसी के बाहर जमकर हंगामा काटना शुरू कर दिया. हंगामे की सूचना पर एसडीएम संदीप यादव और एसीपी इमरान अहमद कई थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण सीएचसी के लापरवाह कर्मचारियों पर कार्यवाही की मांग पर अड़े रहे. उपजिलाधिकारी संदीप यादव के आश्वासन पर परिजनों ने शवों को पुलिस को सौंप दिया. पुलिस ने दोनों शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
देर रात हुआ ससुर बहू का अंतिम संस्कार
सड़क हादसे में हुई ससुर-बहू की मौत से गांव में सन्नाटा छा गया. देर रात को ससुर-बहू का अंतिम संस्कार किया गया. एक साथ ससुर-बहू की चिता जलते देख ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं.
पिता और पत्नी की लाश देख गश खाकर गिरा सोनू
पिता और पत्नी की लाश देखकर सोनू गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा और सिर पीट-पीट कर रोने लगा. ग्रामीणों ने बमुश्किल उसे ढांढस बंधाया। मृतक बबलू के दो बेटे हैं, जिनकी शादी 2 वर्ष पहले हुई थी। मृतका रीमा देवी. छोटे बेटे सोनू की पत्नी थी.