आगरालीक्स …आगरा में खनन माफिया के गुर्गों ने अधिकारियों पर जानलेवा हमला किया। हमले में खनन अधिकारी बच निकले , उनके ड्राइवर को बंधक बना लिया गया।
बुधवार रात आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के बाईंपुर गांव में खनन माफिया ने अवैध खनन रोकने गए खनन अधिकारी के साथ पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला किया।
उसने खनिज अधिकारी कमल कश्यप व पुलिस कर्मियों के साथ जमकर मारपीट की, खनन अधिकारी के ड्राइवर को पीटकर मरणासन्न कर दिया। पुलिस तथा खनन विभाग की टीम वहां से किसी तरह से जान बचाकर भागी। ड्राइवर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
20 लोगों ने बोला हमला
खनिज अधिकारी कमल कश्यप ने बताया कि सिकंदरा थाना क्षेत्र के बाईंपुर गांव में अवैध खनन की सूचना मिली थी। टीम के साथ छापा मारने गए थे। मौके पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली मिली थी, जिसका ड्राइवर भाग गया था। ट्रैक्टर में चाबी लगी थी तो उसे थाना लाने का प्रयास किया जा रहा था।
इस दौरान 15 से 20 लोगों ने आकर घेर लिया। उन पर और साथी पुलिसकर्मियों पर उन लोगों ने हमला कर दिया। किसी तरह हम लोग वहां से भागे। इस दौरान हमारे ड्राइवर को बदमाशों ने पकड़ लिया। जब तक हम थाने जाकर फोर्स लेकर लौटते तब तक ड्राइवर की हालत काफी नाजुक हो चुकी थी।
Leave a comment