आगरालीक्स.. ( 2 मिनट में पूरी खबर)… आगरा में पहले दिन लोकसभा चुनाव के लिए कितने नामांकन पत्र खरीदे और जमा हुए, आगरा सुरक्षित और फतेहपुर सीकरी सीट से नामांकन पत्र लेकर आए प्रत्याशी. ( Nomination for Agra Loksabha election 2024 )
आगरा सुरक्षित और फतेहपुर सीकरी सीट के लिए शुक्रवार सुबह 11 बजे से कलक्ट्रेट में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। दोपहर तीन बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चली। पहले दिन प्रत्याशी नामांकन लेने आए, किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र जमा नहीं किया। 19 अप्रैल तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी, इस दौरान 13, 14 एवं 17 अप्रैल 2024 को अवकाश के दिन नामांकन नहीं होंगे। ऐसे में प्रत्याशियों पर अब नामांकन जमा करने के लिए चार दिन हैं। ( Agra Election 2024 News )
आगरा से ज्यादा फतेहुर सीकरी के लिए खरीदे गए नामांकन पत्र
पहले दिन 44 नामांकन पत्र खरीदे गए। आगरा सुरक्षित सीट से ज्यादा फतेहपुर सीकरी सीट के लिए नामांकन खरीदने के लिए प्रत्याशी और उनके प्रतिनिधि पहुंचे। आगरा सुरक्षित सीट से 9 और फतेहपुर सीकरी सीट से 35 नामांकन पत्र खरीदे गए।
भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने खरीदे नामांकन पत्र
फतेहपुर सीकरी सीट से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर और कांग्रेस प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार ने नामांकन पत्र खरीदे।
भाजपा विधायक के बेटे ने लिया नामांकन पत्र
फतेहपुर सीकरी से भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे रामेश्वर चौधरी ने भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी की थी लेकिन भाजपा ने फतेहपुर सीकरी से राजकुमार चाहर को प्रत्याशी बनाया है। इसके बाद से रामेश्वर चौधरी ने क्षेत्र में निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए प्रचार शुरू कर दिया, शुक्रवार को रामेश्वर चौधरी के लिए उनके भाई ने नामांकन पत्र खरीदा।
98 वीं बार हारने के लिए चुनाव लड़ेंगे हसनूराम अंबेडकरी
77 साल के हसनूराम अंबेडकरी ने भी पहले दिन नामांकन पत्र खरीदा, वे 98 वीं बार चुनाव लड़ने जा रहे हैं। वे 1985 से लगातार चुनाव लड़ रहे हैं वे हर बार हारने के लिए चुनाव लड़ते हैं और 100 बार चुनाव लड़ने का रिकॉर्ड बनाना चाहते हैं। हसनूराम अंबेडकर हर स्तर का चुनाव लड़ने के लिए नामांकन कर चुके हैं।
पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
नामांकन के लिए पुलिस ने भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रत्याशियों के साथ आने वाले जुलूस को कलेक्ट्रेट तिराहे और सुभाष पार्क से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
नामांकन के लिए ये रहेगी व्यवस्था
मान्यता प्राप्त दल के प्रत्याशी एक प्रस्तावक सहित पांच लोगों के साथ कलक्ट्रेट में प्रवेश कर सकेंगे
निर्दलीय प्रत्याशी के साथ पांच प्रस्तावक पहली बार में जाएंगे, इसके बाद दूसरे चक्र में पांच प्रस्तावक और प्रवेश कर सकेंगे
ये है चुनाव कार्यक्रम
नामांकन 12 से 19 अप्रैल
नामांकन पत्रों की जांच 20 अप्रैल
नामांकन पत्रों की वापसी 22 अप्रैल
मतदान सात मई सुबह सात से शाम छह बजे तक
मतगणना 4 जून सुबह सात बजे से