आगरालीक्स…स्मार्ट आगरा में अब ईवी का दौर दिखने लगा है, ऑटो रिक्शा भी इलेक्ट्रिक हो गए हैं और उनके चालक नेविगेशन की मदद से मुसाफिरों को मंजिल तक पहुंचा रहे हैं, पेमेंट ऑनलाइन मोड में ले रहे हैं
आगरा में सड़कों पर वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ने से ट्रैफिक जाम की समस्या भी झेलनी पड़ती है। ऐसे में वाहन चलाने के अनुभव को बेहतर करने के लिए नेविगेशन सिस्टम बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। इसके लिए गूगल मैप का इस्तेमाल कोई नई बात नहीं है, लेकिन सवारी वाहनों तक यह बदलाव हाल ही में पहुंचा है। वहीं फोन पे, गूगल पे और पेटीएम जैसी आॅनलाइन पेमेंट एप्स भी आॅटो चालकों द्वारा खूब इस्तेमाल में ली जा रही हैं।
उपर दिया गया चित्र हरीपर्वत चौराहे का है। इसमें एक आॅटो में मोबाइल होल्ड पर गूगल मैप के जरिए नेविगेशन लगा देखा जा सकता है। आगरा में न सिर्फ इलेक्टिक आॅटो की संख्या तेजी से बढ़ी है बल्कि इलेक्टिक आॅटो लेने के साथ आॅटो रिक्शा चालकों को स्मार्ट होते भी खूब देखा जा रहा है। आॅटो रिक्शा में मोबाइल होल्डर और गूगल मैप की मदद से मुसाफिरों को उनकी मंजिल तक पहुंचाना अब आम बात हो चली है। हालांकि ओला, उबर जैसी कंपनियों अपने वाहनों में नेविगेशन सिस्टम पहले से ही देती आ रही हैं। मगर अब व्यक्तिगत आॅटो में भी उनके मालिक मोबाइल होल्डर फिट करा रहे हैं ताकि गूगल मैप की मदद ली जा सके। इधर नकदी और छुट्टे न होने की समस्या का समाधान पहले ही हो चुका है, क्योंकि बड़ी संख्या में अब आॅटो रिक्शा चालक भी डिजिटल पेमेंट एप्स का इस्तेमाल कर रहे हैं।
जानकारों की मानें तो ऐसे पांच फीचर्स और हैं जिनसे यात्रा का अनुभव बेहतर बनाया जा सकता है, आईए जानते हैं इन फीचर्स के बारे में
— यात्रियों के बीच सबसे बड़ी चिंताओं में से एक नेटवर्क का गायब होना, जिसके बिना नेविगेशन एप्स बंद हो जाते हैं। यात्रा शुरू करने से पहले इसका ऑफलाइन मैप डाउनलोड करना हमेशा फायदेमंद होता है।
— वाहन और ट्रैफिक की स्थिति के आधार पर गूगल मैप अपने आप आपके लिए बेस्ट रूट्स तय करता है। ध्यान रखें कि गूगल मैप पर बेस्ट रूट तय करने के लिए अपनी यात्रा शुरू करने से पहले उपयुक्त सिंबल (बाइक या कार) को सिलेक्ट करें, क्योंकि यह चयनित वाहन के प्रकार के आधार पर सबसे फास्ट उपलब्ध रूट्स दिखाएगा।
— यदि आप किसी शहर में यात्रा कर रहे हैं, तो ट्रैफिक जैसी जानकारी के बारे में रियल टाइम अपडेट प्राप्त करने के लिए “मैप पर ट्रैफिक दिखाएं” ऑप्शन को इनेबल करें।
— गूगल मैप्स पर वॉयस नेविगेशन एक और बेहतरीन फीचर है, जो यूजर को वॉयस डायरेक्शन देता है।
— यदि आप जानकार हैं तो गूगल मैप्स एक स्थान से दूसरे स्थान तक टोल की कीमत के बारे में भी जानकारी प्रदान कर सकता है।