आगरालीक्स.. मानसून होगा इस बार मेहरबान। झमाझम होगी बारिश। ला नीना प्रभाव से बेहतर रहेगा मानसून। अर्थव्यवस्था भी चमकेगी..
अगस्त-सितंबर में अच्छी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग का कहना है कि इस साल पूरे देश में औसतन 87 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। ला नीना प्रभाव के चलते इस साल देश में मानसून अच्छा रहेगा। अगस्त-सितंबर में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
72 साल में नौ बार सामान्य से बेहतर रहा मानसून
भारतीय मौसम विभाग के प्रमुख ने बताया कि साल 1951 से लेकर 2023 तक का डाटा देखने से पता चलता है कि देश में नौ बार मानसून सामान्य से बेहतर रहा है। ला नीना प्रभाव के चलते ही ऐसा हुआ।
कुल वर्षा का औसत 87 सेमी होगा
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव एम रविचंद्रन ने कहा कि 1971 से 2020 तक के बारिश के आंकड़ों के अनुसार, हमने नया दीर्घकालिक औसत और सामान्य पेश किया है। इस सामान्य के अनुसार, 1 जून से 30 सितंबर तक पूरे देश की कुल वर्षा का औसत 87 सेमी होगा। देश में चार महीनों तक (जून से सितंबर तक) सामान्य से ज्यादा बारिश होगी और 106 प्रतिशत तक होगी।
बारिश के दिन घटे, भारी बारिश बढ़ने से असंतुलन
जलवायु विज्ञानियों का कहना है कि बारिश के दिनों में कमी आ रही है, जबकि भारी बारिश की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके चलते ही बाढ़ और सूखे की समस्या देखने को मिल रही है।
दूसरी ओर अर्थशास्त्रियों का मानना है कि मानसून का अच्छा होना अर्थव्यवस्था के लिए भी अच्छा है। खेती-किसानी बेहतर होगी।