आगरालीक्स ..( Agra Traffic News ) …आगरा में रेड लाइट जंप करने, हेलमेट और सीट बेल्ट ना लगाने पर स्मार्ट सिटी 1500 स्मार्ट कैमरों से अप्रैल महीने के पहले सप्ताह में यातायात उल्लंघन के 3.47 लाख मामले दर्ज किए गए, इसमें से चालान 11 हजार ही किए गए हैं।
मंगलवार को मण्डलायुक्त रितु माहेश्वरी जी की अध्यक्षता में आगरा स्मार्ट सिटी के कार्यों की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि आईटीएमएस के सभी 43 जंक्शन सक्रिय हैं एवं इन जंक्शनों पर लगे सभी 442 स्मार्ट कैमरे काम कर रहे हैं जिनसे उच्च स्तरीय गुणवत्ता का फोटो व डेटा प्राप्त हो रहा है। एटीसीएस (एडेप्टिव ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम) के 63 जंक्शन हैं। जिसमें 41 जंक्शन एटीसीएस मोड, 20 ब्लिंक मोड, 3 वीएसी और 2 फिक्सड मोड पर चल रहे हैं जबकि 2 निष्प्रयोग है। मंडलायुक्त ने एसीपी ट्रैफिक को ब्लिंक मोड में चलाये जा रहे जंक्शन पर पुनः निरीक्षण कर उनमें आवश्यकतानुसार सुधार, परिवर्तन करने तथा ज्यादा से ज्यादा जंक्शन को एटीसीएस मोड में ही ट्रैफिक को चलाने के निर्देश दिए। सामान्य सर्विलांस पर बने 267 जंक्शन पूर्ण सक्रिय हैं और इन जंक्शनों पर लगे सभी 1076 स्मार्ट कैमरे काम कर रहे हैं।
यातायात उल्लघंन की संख्या लगभग 3.47 लाख की गई दर्ज
आईटीएमएस के माध्यम से स्मार्ट कैमरे में कैप्चर हो रहे यातायात उल्लघंन की संख्या के सापेक्ष बहुत कम चालान निर्गत होने पर मंडलायुक्त महोदया द्वारा नाराजगी जतायी गयी। अप्रैल के पहले सप्ताह में यातायात उल्लघंन की संख्या लगभग 3.47 लाख दर्ज की गयी जिसके सापेक्ष सिर्फ 11 हजार चालान ही निर्गत किए गये। महोदया ने आईटीएमएस के माध्यम से चालान निर्गत करने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने एवं उसी के अनुरूप यूजर आईडी उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। दो पहिया वाहनों पर ट्रिपलिंग करने व ओवरस्पीड वाहनों के भी ज्यादा से ज्यादा चालान करने पर जोर दिया। इसके अलावा आरटीओ के समन्वय से भी 15 साल से ज्यादा पुराने वाहन, वाहन इंश्योरेंस, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और प्रदूषण प्रमाण पत्र कैटगरी में भी वाहनों के चालान करने हेतु एक हफ्ते में इस प्रक्रिया का ट्राॅयल शुरू करने के निर्देश दिए।