आगरालीक्स… आगरा का बुलियन कारोबारी लापता, दोनों मोबाइल स्विच आफ, सीसीटीवी में बुलियन कारोबारी स्कूटर से जाते हुए दिखाई दिया।
आगरा के मोती कटरा के रहने वाले जय प्रकाश वर्मा की किनारी बाजार के जूताराम फाटक में दुकान है, उनका बुलियन का काम है। सुबह छोटा बेटा 36 साल का योगेश वर्मा दुकान खोलता है। रविवार दोपहर योगेश वर्मा स्कूटर लेकर घर से यह कहकर निकला कि वह पहले राजा की मंडी स्टेशन स्थित चामुंडा देवी मां मंदिर जाएगा, वहां से दुकान पहुंच जाएगा।
दुकान बंद मिलने पर शुरू की तलाश
योगेश वर्मा के बड़े भाई विमल वर्मा दोपहर दो बजे दुकान पर पहुंचे तो दुकान बंद थी। उन्होंने योगेश वर्मा के मोबाइल पर फोन किया, उनके दोनों मोबाइल बंद मिले, इसके बाद तलाश शुरू की लेकिन योगेश का कहीं पता नहीं चला।
सीसीटीवी में स्कूटर पर जाते दिखाई दिए
थाना एमएम गेट पुलिस को सूचना दी गई, इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि योगेश का मोबाइल 12.52 बजे कैलाश पुरी मार्ग पर बंद हो गया था, वह स्कूटर से अकेले बिल्लोचपुरा मार्ग पर जाते दिखाई दिया, मोबाइल से किसी से बात भी कर रहा था। बुलियन कारोबारी की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं।