आगरालीक्स…आगरा में डॉक्टरों की मथुरा वारलॉर्ड्स क्रिकेट टीम ने आईएमए आगरा एवेंजर्स को एकतरफा मुकाबले में दी मात…ये बने मैन आफ द मैच
डॉक्टर्स अंतर-ज़िला क्रिकेट टूर्नामेंट, चैलेंजर्स ट्रॉफी, का चौथा मैच एकतरफा रहा जिसमें टीम मथुरा वारलॉर्ड्स ने खेल के दोनों विभागों में पूरी तरह से अपना दबदबा बनाया और 14 जून की शाम को टीम आईएमए आगरा एवेंजर्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की। दुधिया रौशनी में कुबेरपुर स्थित CAS क्रिकेट ग्राउंड पर मथुरा वारलॉर्ड्स के कप्तान डॉ भरत अगरवाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
उनके गेंदबाजों ने अपने कप्तान के फैसले को सही साबित कर दिया, एवं आगरा एवेंजर्स 10 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 60 रन के स्कोर पर संघर्ष कर रहे थे। लेकिन अंत में डॉ. गौरव शर्मा की 17 गेंदों में 30 रन और डॉ. राहुल सिंह की 30 गेंदों में 44 रनों की शानदार पारी के दम पर टीम आगरा एवेंजर्स 9 विकेट के नुकसान पर 163 रनों के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. डॉ. दीपक अग्रवाल और डॉ. भरत अग्रवाल ने क्रमशः 3 और 2 विकेट साझा किये।
164 रनों के लक्ष्य का पीछा करने पर, डॉ. आदित्य सिंह और डॉ. रणविजय की सलामी जोड़ी ने विनाशकारी दृष्टिकोण अपनाया और पूरे मैदान में मनचाहे प्रहार किए! जहां टीम आगरा एवेंजर्स के गेंदबाज असहाय नजर आ रहे थे, वहीं शुरुआती जोड़ी में आपस में एक प्रतिस्पर्धा सी थी, जब दोनो बल्लेबाज अधिक से अधिक चौके और छक्के लगाने की कोशिश कर रहे थे। अंत में टीम मथुरा वारलॉर्ड्स ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और महज 12.4 ओवर में बिना किसी विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। डॉ. आदित्य ने 31 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 67 रन और डॉ. रणविजय ने 45 गेंदों में 17 चौकों की मदद से 87 रन बनाये.
216 की स्ट्राइक रेट से बनाई गई अपनी पारी के लिए डॉ. आदित्य सिंह ने टूर्नामेंट में खेले गए तीन मैचों में दूसरी बार मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल किया। डॉ. राहुल सिंह को फाइटर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया और डॉ. दीपक अग्रवाल को उनकी शानदार फील्डिंग के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ अलोक मित्तल ने किया! इस दौरान डॉ. संदीप फौजदार, डॉ शुभम जैन डॉ संदीप सिंह चौधरी डॉ अनुराग यादव डॉ कौस्तुब साने, डॉ नीरज कुमार डॉ राहुल निझारा डॉ नमन गुप्ता डॉहेमन्त बंसल डॉ कौशलेन्द्र दुबे डॉ सौरभ गुप्ता डॉ रोहित गुप्ता आदि उपस्थित रहे