आगरालीक्स…आगरा के उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पटल में डॉक्टरों ने किया योग. कहा—योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए, मन भी शांत होगा और शरीर को भी लाभ मिलेगा
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल के सभागार में डाक्टर और स्टाफ ने योग किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डाला। हॉस्पिटल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉक्टर नरेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि योग आत्मा और परमात्मा का मिलन कराता है। भगवान कृष्ण ने भी कहा है कि योग अध्यात्म की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि योग के अनेक फायदे हैं। इससे शरीर को ही लाभ नहीं मिलता, बल्कि मन भी शांत रहता है उन्होंने सभी को योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की सलाह दी। प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉक्टर आरसी मिश्रा ने कहा कि योग कार्य कुशलता बढ़ाता है। साथ ही इससे शरीर में लचीलापन भी आता है। ललितपुर से आईं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर दीपाली जैन ने पावर योग के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग से कई रोगों में लाभ मिलता है।
योगाचार्य विनयकांत नागर ने अस्पताल के स्टाफ को योग के विभिन्न आसनों के बारे में बताया। उन्होंने योग की शुरुआत वज्रासन से कराई। प्राणायाम सहित मन और शरीर को लाभ पहुंचाने वाले कई आसनों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार से व्यक्ति मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है। समय पर आहार लेना भी जरूरी है। अगर व्यक्ति नियमति रूप से योग करता है तो उसे अस्पताल जाने की कम जरूरत पड़ेगी। उन्होंने खाली पेट कलौंजी लेने की भी सलाह दी।
मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र मल्होत्रा ने बेस्ट आसन मुद्रा के लिए अस्पताल के स्टाफ आदित्य तिवारी को प्रथम पुरस्कार, मोहम्मद रिजवान को दूसरा और जितेंद्र सुखरानी को तीसरा पुरस्कार दिया। इनके अतिरिक्त रेनबो आईवीएफ की मैनेजिंग डायरेक्टर डॉक्टर जयदीप मल्होत्रा, डॉक्टर केशव मल्होत्रा, डॉक्टर निहारिका मल्होत्रा और आईसीयू हेड वंदना कालरा ने भी योग किया।
