आगरालीक्स…आगरा में कक्षा 3 से 8वीं तक के स्टूडेंट्स का हुआ हैल्थ चेकअप. बच्चों में सबसे ज्यादा मिल रहीं ये समस्याएं. पेरेंट्स ध्यान दें…
रोटरी क्लब आगरा ग्रेस द्वारा 20 जुलाई को एक पहल पाठशाला दयालबाग आगरा में कक्षा 3 से कक्षा 8 तक के छात्र एवं छात्राओं के लिए एक बृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉक्टर समीर प्रकाश, डॉक्टर अनु जैन, दंत रोग विशेषज्ञ डॉक्टर समीर भारद्वाज, बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सोनिया भट्ट, डॉक्टर आकांक्षा अरोड़ा, फिजिशियन डॉक्टर दिनेश राय, डॉक्टर अनुराग सिंह ने अपनी सेवाएँ देते हुए लगभग 255 छात्रों एवं छात्राओं का वजन, नेत्र परीक्षण , दांतों का परीक्षण , और अनीमिया आदि का परीक्षण किया।

शिविर में डॉक्टर समीर भारद्वाज ने बताया कि पीने वाले पानी में उचित मानक न होने के कारण बच्चों के दांतों में दाग धब्बे की समस्या होती है, और अधिकतर बच्चों को इस कम उम्र में भी दांतों उचित साफ सफाई न होने की समस्या से ग्रस्त पाया गया। जाँच करने के दौरान बहुत से छात्र छात्राओं में विजन की समस्या भी पाई गई, इसके अलावा, कई छात्र-छात्राओं में खून की कमी तथा पोषण की कमी भी पाई गई सभी बच्चों को उचित मार्गदर्शन और उपचार के निर्देश दिए गए।
साथ ही बच्चों को मोबाइल के प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी बताया गया तथा मोबाइल फोन के कम उपयोग करने की सलाह दी गई। शिविर में बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा भी वितरित की गई। डॉक्टर जयदीप मल्होत्रा के संरक्षण में आयोजित इस शिविर में अध्यक्ष श्रीमती रुचि अग्रवाल द्वारा आरोग्यम कार्यक्रम की उपयोगिता के बारे में बताया। शिविर का संचालन सचिव डॉक्टर नीतू चौधरी एवं गरिमा मंगल द्वारा किया गया। शिविर में उजाला सिग्नस हॉस्पिटल की टीम के साथ साथ गरिमा मंगल, नीलम मेहरोत्रा, अनुपमा बोहरा, डॉक्टर परिनिता बंसल, शालिनी अग्रवाल, आशु मित्तल, मीनाक्षी मोहन, स्वाती अग्रवाल, शीनू कोहली एवं एक पहल संस्था की टीम आदि ने पूर्ण सहभागिता देकर कैंप को सफल बनाया।