आगरालीक्स… आगरा रीजन में जाट आरक्षण की मांग को लेकर रात को आंदोलनकारी रैलवे ट्रैक पर बैठ गए, मथुरा अलवर के बीच रेल यातायात बंद कर दिया गया है, इस रूट की ट्रेनें रदद कर दी गईं हैं।
आरक्षण की मांग को लेकर अलवर-मथुरा मार्ग को जाम करने वाले जाटों ने शुक्रवार को मथुरा-भरतपुर मार्ग भी ठप करने का एलान किया है। जाटों के इस एलान से रेलवे की दिक्कत बढ़ गई है। कई प्वाइंट पर रेलवे पुलिस को लगा दिया गया है। पुलिस और प्रशासन का भी सहयोग मांगा जा रहा है। प्रदेश सरकार भी अलर्ट हो गई है। संभव है शुक्रवार को राजस्थान सरकार का कोई प्रतिनिधि जाटों के बीच पहुंचकर उनसे बात करे।
धौलपुर और भरतपुर के जाटों ने प्रदेश और केंद्र की नौकरियों में आरक्षण की मांग को लेकर आंदोलन शुरू कर दिया है। गुरुवार की रात को रेल ट्रैक जाम कर दिया था। इनके समर्थन में दूसरे संगठन भी आ गए हैं। शुक्रवार को राष्ट्रीय कमेटी के पदाधिकारी राजस्थान पहुंच रहे हैं। यह लोग वहां के जाट नेताओं से बातचीत करेंगे। राजस्थान से सटे जाटों के जितने भी गांव हैं सभी से सहयोग मांगा जा रहा है। कहा जा रहा है कि वह उस स्थान पर पहुंचे जहां जाट चक्का जाम किए बैठे हैं।
आरक्षण न मिलने तक आंदोलन रहेगा जारी
संयुक्त जाट आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष एचपी सिंह परिहार का कहना है कि भरतपुर और धौलपुर के जाटों को जब तक आरक्षण नहीं मिल जाता है आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि दो जिले के जाटों को आरक्षण से वंचित रखना अन्याय है। उन्होंने कहा कि इन दो जिलों के जाटों के साथ पूरी बिरादरी खड़ी है।
मिल रहा समर्थन
संयुक्त जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रांतीय उपाध्यक्ष महावीर सिंह परिहार का कहना है हमारा राजस्थान के जाट आंदोलन को पूरा समर्थन है। हमारे संगठन से जुड़े लोग वहां पहुंचेंगे। जब तक आरक्षण नहीं मिल जाएगा आंदोलन जारी रहेगा।
फाइल फोटो