आगरालीक्स…आगरा की रामलीला में हुआ सीताजी का जन्म. मिथिला में छाई खुशियां. इधर राम जन्म के बाद रोशनी से जगमगाया दशरथ महल…देखें वीडियो
आगरा की ऐतिहासिक श्रीरामलीला में आज सीता जन्म की लीला का मंचन किया गया. जनक मंच भव्य सजा हुआ है, चारों ओर उल्लास छाया हुआ. रामलीला मैदान मिथिला नगरी बना हुआ है. मिथिला नगर में जगत जननी के जन्म की खबर से समूचे नगर में खुशियां मनाई जा रही हैं. आज की लीला में महाराज जनक बने प्रमोद वर्मा तथा महारानी सुनयना बनी मन्जू वर्मा द्वारा हल चलाया जाता है। हल चलाये जाने पर हल घड़े से टकराता है घड़े से टकराने के बाद पृथ्वी पर मां जानकी जी का अवतरण होता है.
जानकी के जन्म लेते ही राजा जनक व महारानी सुनयना बड़े ही उत्साहित हैं. मिथिला नगर में चारों ओर बधाई गान गाये जा रहे हैं. रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा भी बधाई दी गईं. मिथिला नगरी के पण्डाल में उपस्थित महिलाओं द्वारा नृत्य किया गया व बधाई गाई गई. राजा जनक के साथ समस्त मिथिलावासी भी उपस्थित थे. जन्म के उपलक्ष्य में मिथिला नगरी बने रामलीला मैदान में जानकी जन्मोत्सव मनाया गया. राजा जनक व महारानी सुनयना द्वारा खिलौने, मिठाई, फल, मेवा, चाकलेट व टॉफियों का वितरण पूरे पण्डाल में किया गया.
राम जन्म की खुशी में दीपों से जगमगाया राजा दशरथ का आवास
वहीं अयोध्या में हर तरफ भगवान राम के जन्म की खुशी में प्रज्ज्वलित दीपों की बिखरती उज्ज्वलता. जो वातावरण को ही नहीं मन के अन्धकार को भी श्रीहरि की भक्ति के प्रकाश से दूर कर रही थी. मन में श्रद्धा का भाग व और मुख पर श्रीराम के जयकारे। हर तरफ खुशियां और प्रकाश बिखरा था. श्रीराम जन्मोत्सव के मौके पर आज राजा दशरथ व रानी कौशल्या (संतोष शर्मा व ललिता शर्मा) के निवास पर कुछ ऐसा ही नजारा था.
बाग फरजाना क्षेत्र (राजा दशरथ के आवास पर) में रामलीला आयोजन के तहत श्रीराम जन्म की खुशी में 1001 दीप जलाकर दीपावली मनाई गई. राजा दशरथ का आवास प्रकाश और फूलों से ऐसे सजा था मानो अयोध्या नगरी. दीपों की श्रंखला में सियाराम, अयोध्या, लक्ष्मण, हनुमान और रामायण के अन्य पात्रों के नाम लिखे गए। कार्यक्रम का शुभारम्भ संतोष शर्मा व उनकी धर्मपत्नी ललिता शर्मा ने सियाराम की आरती कर किया. इससे पूर्व भजन संध्या में क्षेत्र की महिलाओं ने भक्ति के खूब रस बिखेरे और नृत्य भी किया. इस अवसर पर मुख्य रूप से हरिनारायण चतुर्वेदी, प्रखर शर्मा, युक्ति शर्मा, नितिन अग्रवाल, मनीष शर्मा, सुमन शर्मा, अनुराधा शर्मा, अनुज अरोरा, गरिमा जैन, स्नेहलता गुप्ता, पूजा भार्गव, सीमा सिंघल, कामना उपाध्याय, नुपुर दीक्षित, मेगा अग्रवाल आदि उपस्थित थीं.