आगरालीक्स…आगरा आज जाम से बिलबिलाया. हाइवे से लेकर मुख्य मार्गों तक जाम ही जाम. बाजारों में भी भीड़, पार्किंग के लिए भटकते रहे लोग…
आगरा आज पूरे दिन जाम से जूझता रहा. सुबह 9 बजे के बाद से शुरू हुआ जाम रात 8 बजे तक यूं ही लगता रहा. एमजी रोड हो या फिर हाइवे, मुख्य मार्ग हों या फिर बाजार, हर ओर जाम ही जाम लोगों को मिला. दीपावली से पहले अंतिम रविवार होने के कारण आज खरीदारी करने के लिए भी लोग काफी संख्या में पहुंचे. बाजारों में लोगों की भीड़ देखने को मिली, इसके कारण भी जाम की स्थिति काफी हद तक बनी रही.
हाइवे पर भी रेंगे वाहन
आगरा में जाम की स्थिति ऐसी रही कि हाइवे पर भी बड़े वाहनों से लेकर छोटे वाहन तक रेंगते रहे. कई जगह तो हालात काफी खराब हो गए. यातायात पुलिस को भी आज पूरे दिन जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी. शहर के सिकंदरा चौराहा. न्यू आगरा, बल्केश्वर, रामबाग, टेढ़ी बगिया, बोदला, बिजलीघर तो ऐसे जाम में फंसे कि पूरा दिन यहां वाहन चालक फंसे रहे.
बाजारों में भीड़ लेकिन पार्किंग नहीं
आगरा के बाजारों में आज भीड़ उमड़ी. दीपावली से पहले आखिरी रविवार था, ऐसे में लोग अपने परिवार व रिश्तेदारों के साथ खरीदारी करने के लिए निकले. सुबह से लेकर रात तक बाजारों में खरीदारों की भीड़ लगी रही. सिंधी बाजार, शाहगंज, किनारी बाजार, सुभाष बाजार, बिजलीघर, कमला नगर, न्यू आगरा मार्केट में खूब भीड़ उमड़ी लेकिन यहां लोगों को पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ा. लोगों ने अपने वाहन सड़क पर ही पार्क कर दिए जिसके कारण भी जाम की स्थिति काफी बनी रही.