आगरालीक्स…Agra News : आगरा में यमुना एक्सप्रेस वे के दोनों तरफ न्यू आगरा अर्बन सेंटर बनेगा, प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार, 10500 हेक्टेयर का मास्टर प्लान तैयार कराने के लिए ट्रैक्ट वेल स्काई ग्रुप को जिम्मेदारी सौंपी है। ( Agra News : New Agra Urban Center develop both side of Yamuna Expressway#Agra )
यमुना प्राधिकरण के अधिसूचित गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा के साथ ही आगरा और हाथरस में विकास कार्य शुरू किए गए हैं। प्राधिकरण ने आगरा जिले में अधिसूचित क्षेत्र के 10500 हेक्टेयर का मास्टर प्लान तैयार कराने के लिए ट्रैक्ट वेल स्काई ग्रुप को जिम्मेदारी सौंपी है। एजेंसी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में एत्मादपुर क्षेत्र के 60 गांवों को शामिल करते हुए न्यू आगरा अर्बन सेंटर की प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार कर प्राधिकरण को सौंपी थी।
एक्सप्रेस वे के दोनों तरफ विकसित होगा अर्बन सेंटर
न्यू आगरा अर्बन सेंटर को एक्सप्रेसवे की एक ओर के बजाय दोनों ओर विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। अगर अर्बन सेंटर को एक्सप्रेसवे के एक दिशा में विकसित किया गया तो दूसरी ओर अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण तेजी से बढ़ेगा। प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट में न्यू आगरा अर्बन सेंटर में शामिल 80 प्रतिशत गांव हाथरस जिले में अधिसूचित क्षेत्र के हैं। न्यू आगरा अर्बन सेंटर में आगरा जिले के अधिसूचित गांव को प्राथमिकता देते हुए मास्टर प्लान तैयार करे। इसके साथ ही इलाके का भौतिक सर्वे किया जाए ताकि यह सुनिश्चित हो कि जहां सेक्टर नियोजित किए जा रहे हैं या सुविधाएं विकसित की जाएंगी, वहां पहले से आबादी, राष्ट्रीय, राज्य राजमार्ग, जल संरचना, हाई या लो टेंशन लाइन न हो। एक माह में ड्राफ्ट मास्टर प्लान तैयार हो जाएगा।