आगरालीक्स…आगरा में ‘अपने अपने राम’ को बताने आ रहे डॉ. कुमार विश्वास. 65 हजार वर्ग फुट का त्रि-स्तरीय कवर्ड वॉटरप्रूफ भव्य पंडाल. क्यू आर कोड के माध्यम से डिजिटल होगी लोगों की एंट्री
डॉ. कुमार विश्वास 18-19 जनवरी को ताजनगरी फेस-टू, फतेहाबाद रोड स्थित जेपी वेडिंग स्क्वायर में शाम 4:00 बजे से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के चरित्र से जुड़े मार्मिक प्रसंगों का अपनी विशिष्ट शैली में वर्णन करेंगे। इस दिव्य, भव्य और विशाल धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन के लिए गुरुवार को कार्यक्रम स्थल पर भूमि पूजन किया गया। आचार्य पं. आभा गोस्वामी ने लाभ और अमृत की चौगड़िया में वैदिक मंत्रोच्चार संग विधि विधान से भूमि पूजन एवं हवन संपन्न करवाया।
अति आधुनिक साज-सज्जा और तकनीक से युक्त जर्मन हैंगर पर 65 हजार वर्ग फुट का त्रि-स्तरीय कवर्ड वॉटरप्रूफ भव्य पंडाल और अयोध्या की तर्ज पर भव्य राम मंदिर के साथ 3200 वर्ग फुट का 4 फीट ऊंचा मनमोहक मंच तैयार कर पंडाल में अयोध्या, काशी और मथुरा के नाम से तीन आकर्षक प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जहाँ तीन से चार हजार राम कथा रसिकों को बैठकर कथा सुनवाने की व्यवस्था की जा रही है।
पूरे परिसर में अग्निशमन प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए भगवान राम की विभिन्न छवियों के कट आउट्स और 200 झूमरों के संग एलईडी लाइट भी समूचे परिसर को बेहद भव्य बना देगी। महिलाओं के लिए 30 और पुरुषों के लिए 50 इको फ्रेंडली टॉयलेट की व्यवस्था की जा रही है। पार्किंग के लिए 60 वैले ड्राइवर और 10 ट्रैफिक मार्शल रखे जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए 60 बाउंसर्स, 100 सुरक्षा गार्ड और 20 सुपरवाइजर्स का इंतजाम किया जा रहा है।
सुरक्षा कारणों का ध्यान रखते हुए हर आगंतुक का प्रवेश क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटली किया जाएगा।