आगरालीक्स..आगरा में अपने भाई भाभी और चार बच्चों की हत्या के आरोप से बरी होने के बाद जेल से बाहर निकला गंभीर सिंह, कोई लेने नहीं आया, बोला पता नहीं कहां जाउंगा
आगरा में अछनेरा के गांव तुरकिया में भाई—भाभी और उनके चार बच्चों की सामूहिक हत्या करने के आरोप में गंभीर सिंह साक्ष्य के अभाव में बुधवार सुबह जेल से रिहा हो गया. गंभीर सिंह आगरा की सेंट्रल जेल में बंद था लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उसे रिहा कर दिया गया. जेल से बाहर आने के बाद गंभीर ने कहा कि पता नहीं अब कहां जाएगा लेकिन वह निर्दोष है. उसने अपनी जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी है.
जानिए क्या है मामला
घटना नौ मई 2012 को अछनेरा के गांव तुरकिया की है. यहां रहने वाले सत्य प्रकाश, उनकी पत्नी पुष्पा और चार बच्चों की सामूहिक हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने इस मामले में सत्यप्रकाश के भाई गंभी सिंह को जेल भेजा था. आगरा कोर्ट ने उसे मौत की सजा सुनाई थी. हाईकोर्ट ने भी इस सजा को बरकरार रखा था. लेकिन पुलिस द्वारा विवेचना में लापरवाही और ठोस साक्ष्य पेश नहीं कर पाने पर सुप्रीम कोर्ट ने 27 जनवरी को उसे बरी कर दिया था.
कोई नहीं आया लेने
इधर आज बुधवार को गंभीर सिंह जेल से रिहा हो गया. हालांकि उसे लेने के लिए न तो कोई रिश्तेदार आया और न ही कोई सगा संबंधी. गंभीर ने बताया कि उसे नहीं मालूम कि उसे कहां जाना है.