आगरालीक्स …आगरा में रिश्वत लेते हुए दरोगा का वीडियो वायरल होने के बाद सस्पेंड कर दिया गया है। दो पक्षों में लडाई के बाद दरोगा उन्हें थाने ले आया और जेल भेजने की धमकी देकर रिश्वत मांगने लगा। रिश्वत लेते हुए वह मोबाइल में कैद हो गया, इसका वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी दिनेश चंद्र दूबे ने मलपुरा थाने में तैनात दरोगा सारदेव यादव को सस्पेंड कर दिया है।
आगरा में गुरुवार शाम को एक वीडियो वायरल हुआ, इसमें मलपुरा थाने के दरोगा सारदेव यादव रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं, वह कुर्सी पर बैठे हैं और सामने खडे युवक से रुपये ले रहे हैं। आरोप है कि कराहरा गांव के किसान जयपाल और उनका भतीजा बसंता में कहासुनी होने पर बुधवार की रात थाने आए थे। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो लौट गए। इसके बाद रात में भी उनके बीच लाठी-डंडे चले। इसकी सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया।
राजीनामा के लिए 12 हजार रुपये रिश्वत
आरोप है कि दरोगा सारदेव यादव ने उन्हें जेल भेजने की धमकी दी। इस पर दोनों डर गए। उनसे कहा गया कि अगर खर्चे-पानी का इंतजाम कर लें, तो जेल जाने से बच सकते हैं। इस पर दोनों ने राजीनामा लिखकर दे दिया। गुरुवार सुबह सारदेव यादव ने उनसे 12 हजार रुपये लिए। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया। पैसे लेते समय किसी ने मोबाइल से वीडियो बना ली।
एसएसपी ने किया सस्पेंड
दरोगा सारदेव यादव द्वारा 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए की मोबाइल से बनाई गई वीडियो वायरल हो गई, न्यूज चैनल पर भी वीडियो दिखाई जाने लगी। इसके बाद एसएसपी दिनेश चंद्र दूबे ने आरोपी दरोगा सारदेव यादव को सस्पेंड कर दिया है। इस मामले की जांच एसपी पश्चिम अखिलेश नारायण को सौंपी गई है।
इंटरनेट फोटो