आगरालीक्स… आगरा में गर्मी और उमस के बीच बारिश से राहत मिली है, मौसम खुशनुमा हो गया है, इस बार मानसून में अभी तक आगरा में 154.8 एमएम हुई है। यह सामान्य के आधे से भी कम है।
शनिवार सुबह से ही बादल छाए रहे, सुबह आठ बजे रिमझिम बारिश शुरू हुई, कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी तो कई जगह तेज बारिश होने लगी। मानसून की तेज बारिश के लिए लोग भी तैयार हो गए लेकिन नौ बजे बूंदाबांदी भी बंद हो गई।
2 जुलाई को हुई पहली मानसून की बारिश
आगरा में मानसून की बारिश दो जुलाई को हुई थी, पहले दिन 62 एमएम बारिश हुई। तीन जुलाई को करीब 12 एमएम बारिश हुई। इसके बाद यहां मानसून कमजोर पड़ गया। मानसून के पहले दो दिन में जहां 74 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई थी, वहीं पूरे जुलाई में यह आंकड़ा केवल 106.6 एमएम तक पहुंच सका। पूरा सावन सूखा सा ही निकल गया। जबकि पिछले वर्ष जुलाई में 567.8 एमएम बारिश हुई थी। अगस्त के भी 18 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक केवल 48.2 एमएम बारिश हुई है, जबकि पिछले वर्ष अगस्त में 241 एमएम बारिश दर्ज की गई थी।