आगरालीक्स…आगरा के स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित कश्मीर से कन्याकुमारी तक महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने निकले डॉक्टर. फोगसी ने शुरू की स्वस्थ नारी अभियान यात्रा
महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और स्तन एवं गर्भाशयग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर के खिलाफ व्यापक जनजागरण फैलाने के उद्देश्य से, फेडरेशन ऑफ ऑब्स्टेट्रिक एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटीज ऑफ इंडिया (फोगसी) ने राष्ट्रव्यापी यात्रा शुरू की है। ऐतिहासिक पहल का नेतृत्व फोगसी की प्रेसिडेंट डॉ. सुनीता तेंदुलवाडकर कर रही हैं। डॉक्टर सुनीता तेंदुलवाडकर ने बताया कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक की यह यात्रा, न केवल एक प्रतीकात्मक मिशन है, बल्कि करोड़ों महिलाओं को जागरूकता, शिक्षा और रोकथाम के ज़रिए स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर करना एक प्रयास है। यात्रा का उद्देश्य महिला को समय रहते जांच, स्वयं परीक्षण और नियमित हेल्थ चेकअप के महत्व से परिचित कराना। एचपीवी वेक्सिनेशन और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लाभों को जन-जन तक पहुंचाना है। इससे कि प्रारंभिक निदान से जीवन बचाने का संकल्प, जिससे कैंसर के खिलाफ लड़ाई को समय पर मोड़ा जा सके। अभियान का संचालन डॉ. चारुलता बापाये, चेयरपर्सन, ब्रेस्ट एंड प्यूरपेरल हेल्थ कमेटी कर रही है। डॉ. विनिता सिंह और फोगसी की जॉइंट सेक्रेटरी डॉ. अश्विनी काले सहयोग कर रही हैं।

उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल के एमडी एवं प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नरेंद्र मल्होत्रा ने बताया कि इस चार दिवसीय यात्रा में 120 से अधिक स्त्री रोग विशेषज्ञ अपनी अर्धांगिनियों के साथ शामिल हुए हैं। यात्रा के दौरान देश के 10 प्रमुख शहरों में अवेयरनेस वॉक्स का आयोजन होगा, जिसमें स्त्री रोग विशेषज्ञ अपने अपने विचार रखेंगे। शुक्रवार को पहलगाम चंदनबाड़ी से स्वस्थ नारी अभियान यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। श्रीनगर में उजाला सिग्नस हॉस्पिटल के डॉक्टर शकील और डॉक्टर परवेज ने यात्रा में शामिल डॉक्टरों का स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. जयदीप मल्होत्रा, डॉक्टर निहारिका मल्होत्रा, डॉ. पीके शाह, डॉ. सुचित्रा पंडित,और प्रेसिडेंट-इलेक्ट डॉ. भास्कर पाल की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। साथ ही डॉ. मसूमा सैयद रिज़वी, डॉ. समीया मुफ़्ती ने कार्यक्रम को स्थानीय समर्थन किया।