आगरालीक्स…आगरा सहित देशभर से कश्मीर जाने वालों की 90% की बुकिंग कैंसिल. आतंकी हमले के एक ही दिन में घाटी हुई पर्यटकों से खाली. कश्मीरी बोले—टूरिस्ट नहीं आए तो बर्बाद हो जाएंगे…
कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले का असर घाटी पर दिखाई देने लगा है. बायसरन घाटी में घूमने गए पर्यटकों पर आतंकियों ने मंगलवार दोपहर को हमला किया और करीब 27 पर्यटकों की मौत हो गई. इन पर्यटकों में वो लोग थे जो या तो हनीमून मनाने के लिएगए या फिर परिवार के साथ छुट्टियां मनाने. लेकिन आतंकी हमले का असर घाटी पर एक ही दिन में दिखाई देने लगा है. आगरा सहित देशभर से कश्मीर में घूमने जाने वालों ने अपने प्लान बदल दिए हैं और करीब 90 प्रतिशत तक बुकिंग कैंसिल हो गई हैं. ट्रेवल एजेंट्स की मानें तो जम्मू कश्मीर की बुकिंग्स रद करने के लिए फोन्स आ रहे हैं. इनमें ज्यादातर पर्यटक मई में कश्मीर जाना चाहते थे, लेकिन अब सुरक्षा कारणों से वे अपनी यात्राएं रद कर रहे हैं. इसके अलावा वैष्णो देवी जाने वाले लोगों ने भी बुकिंग करा रहे हैं. लोगों का कहना है कि वे अपने परिवार को किसी ऐसी जगह नहीं ले जा सकते जहां वापस लौटने की गारंटी नहीं हो, इसलिए वे रिफंड मांग रहे हैं.इधर कश्मीरी कारोबारियों पर भी इस आतंकी हमले का ज्यादा असर पड़ा है. घाटी से पर्यटक लगातार घर जा रहे हैं. कोई भी यहां ठहरना नहीं चाहता है. ऐसे में कश्मीरियों का कहना है कि अगर पर्यटक नहीं आए तो हम लोग बर्बाद हो जाएंगे. मई और जून महीने में काफी संख्या में पर्यटक कश्मीर घूमने आते हैं लेकिन इस आतंकी हमले ने तबाह कर दिया है.