आगरालीक्स…आगरा के फतेहपुर सीकरी में शुरू हुआ लाइट एड साउंड शो…चंबल में ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन, बटेश्वर के मंदिरों का विकास…पर्यटन मंत्री बोले—आगरा में हर हाल में पर्यटकों का रात्रि प्रवास बढ़ाएंगे…
आगरा के फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार को पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने लाइट एंड साउंड शो का शुभारंभ किया. इसके साथ ही पाथवे इल्यूमिनेशन का कार्य का भी लोकार्पण किया गया. पर्यटन मंत्री ने कहा कि आगरा में अभी तक 442 करोड़ से 70 परियोजनाओं को पूर्ण किया गया है जिसमें आगरा के प्राचीन शिव मंदिर हों या बटेश्वर नाथ मंदिर श्रृंखला, कैलाश मंदिर हो यही नहीं आगामी माह में 46 करोड़ की 16 से अधिक परियोजनाओं को पर्यटन विभाग शिलान्यास करने जा रहा है, जनपद आगरा पर्यटन विकास अग्रणी है और हर संभव विकास कार्य आगरा के लिए प्राथमिकता पर किया जा रहा है. आगरा में पर्यटकों का रात्रि प्रवास रोकने हेतु लाइट एंड साउंड शो के साथ मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी जैसे जिलों में भी पर्यटन विकास कर पर्यटकों को पूरा पैकेज देने के लिए प्रयास कर रही, जल्द ही उत्तराखंड सरकार के साथ कैंची धाम, फिरोजाबाद के अकबरपुर को मिला कर बाबा नीम करोरी पर्यटन सर्किट बनाने का कार्य किया जा रहा है इससे भी आगरा में पर्यटन विकास होगा. उन्होंने बताया कि फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड साउंड शो तथा पाथवे इल्यूमिनेशन जैसी सुविधाओं के विकसित होने से पर्यटक ऐतिहासिक स्मारक के वैभव एवं इतिहास को एक आकर्षक अनुभव के माध्यम से जान सकेंगे. इससे पर्यटन आकर्षण बढ़ेगा, पर्यटकों के रात्रि प्रवास में वृद्धि होगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा.
उन्होंने कहा कि चंबल क्षेत्र में ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन, बटेश्वर के मंदिरों का विकास तथा नीम करौली महाराज से जुड़े स्थलों को पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने जैसे प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आगरा आने वाले पर्यटक आसपास के जनपदों के पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करें और दो-तीन दिन तक प्रवास करें. इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार एवं राजस्व में वृद्धि होगी तथा आगरा की अर्थव्यवस्था को सकारात्मक गति मिलेगी. देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर भ्रमण अनुभव उपलब्ध कराने में गाइडों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है.
फतेहपुर सीकरी, ताजनगरी आगरा से लगभग 35 किलोमीटर दूर पहाड़ी पर बसा एक ऐसा प्राचीन नगर है, जो सन् 1527 तक सिकरवार राजपूतों की रियासत थी. बाद में यहाँ रहने वाले एक सूफी सन्त सन्त शेख सलीम चिश्ती की मुलाकात से प्रभावित होकर अकबर ने सन् 1571 में अपनी राजधानी आगरा से फतेहपुर सीकरी स्थानान्तरित की तथा इमारतों का निर्माण कराया. विभिन्न कारणों से सन् 1585 में अपनी राजधानी फतेहपुर सीकरी से लाहौर बदलते हुए इसे छोड़कर चले गये. इसके बाद अंग्रेजों ने इसे प्रशासनिक भवन के रूप में प्रयोग किया. वर्तमान में उक्त इमारत विश्व धरोहर के रूप में पंजीकृत है, जिसका रख-रखाव ए०एस०आई० के अधीन है. उक्त इमारत को देखने हेतु प्रतिदिन हजारों की संख्या में पर्यटक फतेहपुर सीकरी आते हैं, परन्तु सायं उपरान्त कोई फतेहपुर सीकरी में कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम न होने के कारण पर्यटक सूर्यास्त से पूर्व ही चले जाते हैं. इसी क्रम में फतेहपुर सीकरी को और अधिक दर्शनीय बनाने के उद्देश्य से इसी कहानी को लाइट एण्ड साउण्ड शो के माध्यम से जीवन्त करने का प्रयास आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा किया गया है. इस शो के संचालन से आगरा तथा फतेहपुर सीकरी में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा पर्यटकों के यहाँ रात्रि प्रवास में वृद्धि की प्रबल संभावना है. उक्त कार्य एएसआई की अनुमति के अनुरूप दीवान-ए-आम में कराया गया है. कार्य के अन्तर्गत प्रोजेक्शन मैपिंग, प्रोजेक्टर, फसाड लाइट, पाथवे लाइट की स्थापना का कार्य कराया गया है. कार्य की कुल निविदा लागत रू० 926.60 लाख है. उपरोक्त धनराशि का 50 प्रतिशत भाग राज्य सरकार / पर्यटन विभाग एवं शेष 50 प्रतिशत धनराशि का वहन आगरा विकास प्राधिकरण पथकर निधि से किया गया है. परियोजना का 03 वर्ष तक अनुरक्षण एवं संचालन प्राधिकरण द्वारा किया जायेगा.