आगरालीक्स…ईशान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के दो छात्रों का DRDO, नई दिल्ली में इंटर्नशिप के लिए चयन – राष्ट्रीय स्तर पर संस्थान का गौरव…
ईशान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, के बी. टेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (तृतीय वर्ष) के दो मेधावी छात्र जतिन शर्मा और निखिल प्रसाद का चयन रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (Defence Research and Development Organisation-DRDO), नई दिल्ली द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप प्रोग्राम के लिए हुआ है। देशभर से चयनित केवल पाँच छात्रों में से दो का चयन ईशान कॉलेज से होना पूरे क्षेत्र एवं संस्थान के लिए अत्यंत गौरव की बात है। इस इंटर्नशिप के दौरान ये छात्र आईआईटी रुड़की और एनएमआईएमएस, बेंगलुरु जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्रों के साथ कार्य करेंगे, जो इस उपलब्धि की उत्कृष्टता को और अधिक दर्शाता है।इस उपलब्धि पर कॉलेज के निदेशक डॉ. पंकज शर्मा, मैनेजिंग ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल, रजिस्ट्रार एसके सिंह, डीन (शैक्षणिक) डॉ. डीआर बंसल, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी श्री संदीप, तथा सीएसई विभागाध्यक्ष व्योम कुलश्रेष्ठ ने दोनों छात्रों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। डॉ. पंकज शर्मा ने कहा: "यह हमारे संस्थान के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। DRDO जैसी शीर्ष अनुसंधान संस्था में हमारे छात्रों का चयन यह दर्शाता है कि ईशान कॉलेज की शिक्षा गुणवत्ता को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हो रही है।" DRDO का यह इंटर्नशिप प्रोग्राम देश के चुनिंदा प्रतिभाशाली छात्रों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी और रक्षा अनुसंधान के क्षेत्र में वास्तविक प्रोजेक्ट्स पर काम करने का अवसर प्रदान करता है। यह अनुभव उन छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है जो इन क्षेत्रों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।
कॉलेज प्रशासन, शिक्षकगण, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट विभाग, तथा समस्त छात्र समुदाय ने जतिन और निखिल को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सिद्ध करता है कि छोटे शहरों के छात्र भी कठिन परिश्रम, दृढ़ निश्चय और मार्गदर्शन के साथ राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।